May 11, 2024
नई दिल्ली। सैम पित्रोदा के बाद अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने पाकिस्तान को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान परमाणु संपन्न देश है इसलिए भारत उसकी इज्जत करे। अगर हम उसकी इज्जत नहीं करते तो वह हम पर परमाणु हमला कर सकता है। वहीं भाजपा ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है। कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने एक इंटरव्यू में विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि मुझे ये समझ नहीं आता कि मौजूदा सरकार ये क्यों कहती है कि हम पाकिस्तान से बात नहीं करेंगे। सरकार कहती है कि वहां आतंकवाद है। ये समझना जरूरी है कि आतंकवाद को खत्म करने के लिए चर्चा बहुत जरूरी है। वरना, पाकिस्तान सोचेगा कि भारत अहंकार के साथ हमें दुनिया में छोटा दिखा रहा है। भारत को ये नहीं भूलना चाहिए कि पाकिस्तान के पास भी परमाणु हैं। अगर हम उन्हें इज्जत नहीं देंगे तो पाकिस्तान में कोई भी पागल इन बम का इस्तेमाल कर सकता है। अय्यर ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि क्या होगा अगर कोई पागल लाहौर में परमाणु बम गिराने का फैसला कर ले। इस रेडिएशन को अमृतसर पहुंचने में आठ सेकंड भी नहीं लगेंगे। अगर हम उनकी इज्जत करेंगे तो वे शांत बने रहेंगे लेकिन अगर हम उन्हें छोटा दिखाते रहेंगे तो हमारे लिए मुश्किल हो जाएगी। अय्यर ने कहा कि हमने भारत और पाकिस्तान के संबंधों को मजबूती देने में बहुत मेहनत की है। बीते 10 साल से सारी बातचीत बंद है। उन्होंने कहा कि हमें ताकत तब दिखानी चाहिए, जब सामने वाले के पास ताकत न हो। पाकिस्तान के मसल्स यानी ताकत रावलपिंडी के कहुटा में पड़े हैं। अगर गलतफहमी फैल जाएगी तो बहुत दिक्कत होगी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने पाकिस्तान के साथ जंग होने की आशंका के बीच अमन का रास्ता निकाला था। वहीं आज के समय में पाकिस्तान के साथ अमन की संभावनाएं हैं लेकिन मोदी जी जंग का रास्ता खोज निकाल रहे हैं।
मणिशंकर अय्यर के बयान पर विवाद
मणिशंकर अय्यर के बयान पर विवाद हो गया। बीजेपी ने अय्यर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पर सवाल खड़े कर दिए। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मणिशंकर अय्यर के बयान पर कहा कि राहुल गांधी माफी मांगें। अय्यर पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। ये कांग्रेस के दोगले लोग हैं। भारत ताकतवर है। अगर पाकिस्तान आंख दिखाएगा तो मैप पर दिखाई नहीं देगा। कांग्रेस के लोग आतंकवादियों की भाषा बोलते हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी अय्यर के बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि ये कांग्रेस का डर और खौफ है। ये कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम है। कांग्रेस के नेता रहते तो भारत में है लेकिन दिल पाकिस्तान में है। पाकिस्तान में कोई दम नहीं है। भारत को पता है कैसे पाकिस्तान को सही करना है।
राहुल गांधी और कांग्रेस की विचारधारा पूरी तरह से साफ : केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर
वहीं, केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि इन चुनावों में राहुल गांधी और कांग्रेस की विचारधारा पूरी तरह से साफ हो गई है। उनकी नीति है कि पाकिस्तान का समर्थन करो। आतंक से जुड़े संगठनों का समर्थन करो। बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और पैसों की लूट को अंजाम दो। बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा कहा कि मैं उनके बयान की कड़ी निंदा करता हूं। ये तुष्टिकरण की राजनीति के लिए किया जा रहा है। बीजेपी सांसद रवि किशन ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान तो कटोरा लिए खाना जुटा रहा है। अय्यर को अपना इलाज करवाना चाहिए। ये मोदी का भारत है। कांग्रेस के समय का भारत नहीं है। मोदी का फोटो देखते ही पाकिस्तान के लोगों को मिर्गी आने लगती है। वहीं कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि मणिशंकर का बयान व्यक्तिगत है। ये कांग्रेस का बयान नहीं है। कांग्रेस अय्यर के बयान का समर्थन नहीं करती है।
Rajneesh kumar tiwari