जनप्रवाद ब्यूरो नई दिल्ली। उत्तर भारत के अलावा दिल्ली वालों के लिए बड़ी खबर आई है। मौसम विभाग के अनुसार अब दिल्ली-एनसीआर में भयानक कोहरा पड़ने वाला है। इसके अलावा यूपी-बिहार के लिए भी मौसम विभाग ने ट्रीपल अटैक की चेतावनी जारी की है। देशभर में ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। पहाड़ों पर पारा इतना गिर गया है कि पहाड़ी इलाकों में जमने वाली ठंड पड़ रही है। पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। साथ ही पूरा उत्तर, उत्तर पश्चिम और उत्तर-पूर्वी भारत के कोहरे में समा गए हैं। दिन चढ़ने के बाद भी देश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया हुआ है। वहीं, सेवेन सिस्टर्स राज्यों में मौसम विभाग ने पाला गिरने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। इसके बाद अब तापमान के और भी गिरने की संभावना है। आज के बाद दिल्ली सहित आसपास के इलाकों में हल्की बारिश का अलर्ट है। यानी दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर, बारिश और कोहरे की तिहरी मार पड़ने वाली है। बता दें कि दिसंबर का आखिरी हफ्ता जनता की अग्निपरीक्षा माना जाता है। आने वाले दिन काफी ठंडे होने वाले हैं। देश के कई शहरों में धुंध, कोहरा, बारिश और शीतलहर की मार पड़ने वाली है। हवा पहले से ही जहरीली बनी हुई है। दिल्ली में आज सुबह से घना कोहरा और धुंध छाई हुई है। आने वाले दिनों में दृश्यता भी काफी गिर सकती है। शामऔर रात के समय हल्की बारिश की संभावना है। वही क्रिसमस के दिन अच्छी बारिश हो सकती है। दिल्ली की जनता को हाड़ गलाने वाली ठंड के लिए तैयार रहना होगा। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले आदिवासी इलाकों और पहाड़ी दर्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां पारा हिमांक बिंदु से 14-18 डिग्री नीचे बना हुआ है। मध्य एवं ऊंची पहाड़ियों में कई स्थानों पर पाइपों में पानी जम गया है। साथ ही झरने और छोटी नदियों में भी पानी जम गया है। जिससे पानी का बहाव कम हो गया है। जम्मू-कश्मीर में भी अत्यधिक ठंड के कारण जल आपूर्ति वाली लाइनों में पानी जम गया। साथ ही कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की पतली परत जम गई। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री नीचे था। यह पिछली रात से लगभग चार डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने नॉर्थ ईस्ट के राज्यों के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीत लहर की गंभीर स्थिति की चेतावनी जारी की है। हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में देर रात/सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, उप हिमालयी बंगाल, असम और मेघालय में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के साथ अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर पाला पड़ने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर की प्रभाव से ओडिशा के कई जिलों में हल्की बारिश हुई। बंगाल के भी समुद्री इलाके वाले हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि रविवार को सबसे ज्यादा बारिश तामिलनाडु में हुई यहां पर 80 सेंटीमीटर के करीब बारिश दर्ज की गई।
Rajneesh kumar tiwari