जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। महाराष्ट्र का नया मुख्यमंत्री कौन होगा इसको लेकर बड़ी खबर सामने आई है। केंद्रीय मंत्री ने सीएम के नाम का ऐलान कर दिया। महायुति में बीजेपी से देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना से एकनाथ शिंदे सीएम पद के प्रबल दावेदार हैं। सहयोगी दलों से बातचीत के बीच बीजेपी ने संकेत दिए हैं कि महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री पद के लिए बिहार वाला फॉर्मूला लागू नहीं होगा। इस बार नया सीएम बीजेपी से होगा। महाराष्ट्र में परिणाम आए 3 दिन गुजर चुके हैं, लेकिन अभी भी मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान नहीं हुआ है। इस बीच केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने यह कहते हुए सियासी माहौल को गरमा दिया है कि बीजेपी ने नाम तय कर लिया है। उनके अनुसार देवेंद्र फडणवीस ही मुख्यमंत्री बनेंगे। साथ ही एकनाथ शिंदे को केंद्र में ले आने की सलाह दी है। आठवले ने कहा कि बीजेपी के पास विधायकों की संख्या ज्यादा है। ऐसे में देवेंद्र फडणवीस ही मुख्यमंत्री बनेंगे। यह मैसेज बीजेपी आलाकमान ने शिंदे को दे दिया है। सूत्रों का कहना है कि शिंदे एक और कार्यकाल की मांग कर रहे हैं। बीजेपी इसके लिए तैयार नहीं है। महाराष्ट्र में एक मुख्यमंत्री और दो उप मुख्यमंत्री बनेंगे। संघ के नागपुर के सूत्र की माने तो देवेंद्र फडणवीस के मुख्यमंत्री बनने में संदेह नहीं है। अब फैसला भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को लेना है। सूत्रों का कहना है कि महाराष्ट्र में बिहार जैसे फार्मूले की कोई बात नहीं है। यहां तो हम बहुमत के बिल्कुल करीब हैं। मुख्यमंत्री भाजपा से ही होगा। हालांकि मुख्यमंत्री या विधायक दल का नेता चुनने का प्रारुप तो शीर्ष नेतृत्व तय करेगा। बता दें कि बिहार में पीएम मोदी ने पहले ही नीतीश कुमार से सीएम के लिए कह दिया था। वहीं महाराष्ट्र में ऐसा कोई आश्वासन नहीं दिया गया था। सूत्रों का यह भी कहना है कि अगर शिंदे नहीं मानेंगे तो भी बीजेपी को सरकार बनाने में कोई दिक्कत नहीं होगी। उसके पास बहुमत है। देवेंद्र फडणवीस का दावा इसलिए ज्यादा मजबूत है क्योंकि वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दुलारे हैं। नागपुर से आते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी प्रिय हैं। 2014 में महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाने के निर्णय में भी प्रधानमंत्री का अहम योगदान था। देवेंद्र फडणवीस को मोदी की टीम का नेता कहा जाता है। फिलहाल महाराष्ट्र में उनकी टक्कर का कोई नहीं है। देवेन्द्र को कुछ औद्योगिक घराने भी युवा, उत्साही और अच्छा मानते हैं। पिछले पांच साल में फडणवीस ने कई बड़ी भूमिकाएं निभाई हैं। उन्हें दो बार अजीत पवार को भाजपा के साथ लाने का श्रेय जाता है। वहीं अजीत पवार गुट ने भी देवेंद्र फडणवीस के नाम का समर्थन कर दिया है। खुद पवार सीएम पद की दौड़ से बाहर हो चुके हैं। विधानसभा चुनाव में भी फडणवीस ने काफी अहम भूमिका निभाई। दिल्ली से लेकर महाराष्ट्र तक संघ और भाजपा के बहुत बड़ी संख्या में नेता उन्हें पुरस्कृत किए जाने के पक्ष में हैं। बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के संभावित उम्मीदवार में भी फडणवीस नाम है। वहीं उनकी इच्छा अभी महाराष्ट्र में बने रहने और मुख्यमंत्री पद पाने की है।
Rajneesh kumar tiwari