नई दिल्ली। दिसंबर का महीना पर्यटन के लिहाज से बेहद आकर्षक होता है। सर्दी की ठंडी हवाएं, पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर इस महीने को और भी खूबसूरत बना देती है। गोवा के समुद्री तटों से लेकर शिमला और मनाली के बर्फीले पहाड़ों तक, हर गंतव्य अपनी अनूठी छटा बिखेरता है। यह समय न केवल ठंडे मौसम का आनंद लेने का होता है, बल्कि विभिन्न त्योहारों और छुट्टियों के कारण यात्रा की योजना बनाने के लिए भी आदर्श है। इसी महीने में क्रिसमस और न्यू ईयर की छुट्टियां भी होती हैं। ऐसे में बहुत सारे लोग बाहर घूमने का प्लान बनाते हैं। अगर आप भी घूमने के लिए किसी अच्छी जगह की तलाश में हैं तो आइये हम आपको बताते हैं कुछ ऐसी खूबसूरत जगहों के बारे में जहां की यात्रा आपके लिए यादगार बन जाएगी।
मनाली
धौलाधार और पीर पंजाल पर्वतमाला के बीच बसा हिमाचल का मनाली किसी पहचान का मोहताज नहीं है। सर्दियों में खासकर दिसंबर में यह जगह स्वर्ग बन जाती है। घूमने की लिस्ट में आप इस जगह को सबसे ऊपर रख सकते हैं। यहां की प्राकृतिक सुंदरता दशकों से पर्यटकों को मंत्रमुग्ध करती आ रही है। यहां के बर्फ से ढके ऊंचे-ऊंचे पहाड़, प्राचीन मंदिरों से लेकर सुंदर और मनमोहक घाटियां तक आपका मनमोह लेंगी। हडिम्बा मंदिर, मनु मंदिर, वशिष्ठ गर्म पानी के झरने, अर्जुन गुफा और संग्रहालय यहां के प्रमुख आकर्षण हैं।
शिमला
हिमाचल की राजधानी शिमला को ‘पहाड़ियों की रानी’ के नाम से जाना जाता है। दिसंबर में यहां का मौसम इतना सुखद और सुंदर होता है कि पर्यटक यहां आकर खो से जाते हैं। यहां की बर्फबारी और क्रिसमस के आसपास का नजारा देखने लायक होता है। यहां के दर्शनीय स्थलों में जाखू हिल, समर हिल्स, चाडविक फॉल्स, अन्नाडेल, द शिमला स्टेट म्यूजियम, तारा देवी मंदिर और जॉनी वैक्स म्यूजियम शामिल हैं। अगर आप यहां घूमने का प्लान बना रहे हैं तो टॉय ट्रेन की सवारी करना कतई ना भूलें।
सिक्किम
सिक्किम देश का एक छोटा और खूबसूरत राज्य है। यह हिमालय के पश्चिमी ओर बसा हुआ है। प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्धि के लिए प्रसिद्ध इस राज्य को ‘सुंदर सिक्किम’ के नाम से भी जाना जाता है। दिसंबर में यदि आप घूमने प्लान बना रहे हैं तो इसे अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। यहां के दर्शनीय स्थलों में गंगटोक, त्सोमो झील, गोंजंग मठ, बांझकरी फॉल्स, ताशी व्यू पॉइंट, हनुमान टोक, रेशी हॉट स्प्रिंग्स और हिमालयन जूलॉजिकल पार्क शामिल हैं। और हां, अगर आप यहां आ गए हैं तो बाबा हरभजन सिंह मंदिर के दर्शन जरूर करें।
औली
उत्तराखंड के औली को ‘मिनी स्विजरलैंड’ के नाम से भी जाना जाता है। अगर आप दिसंबर में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो औली को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं, जो एक अच्छा विकल्प होगा। इस माह यहां खूब बर्फबारी होती है। बर्फ से ढके पहाड़ों को देखना अलग ही अनुभव देता है। यहां घूमने लायक जगहों में चिनाब झील, रुद्रप्रयाग, जोशीमठ, नंदप्रयाग, गुरसो बुग्याल, क्वानी बुग्याल, त्रिशूल चोटी और नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान शामिल हैं। इसके अलावा, स्कीइंग का भी यहां लुत्फ उठाया जा सकता है।
डॉकी
मेघालय की राजधानी शिलांग से करीब 80 किलोमीटर दूर डॉकी एक बेहद ही खूबसूरत हिल स्टेशन है। जो भारत और बांग्लादेश की सीमा पर स्थित है। अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर डॉकी के बीच से उमंगोत नदी बहती है, जिसे सबसे साफ नदी का तमगा हासिल है। नदी के खूबसूरत नीले पानी को देखने हर वर्ष यहां लाखों की संख्या में सैलानी घूमने के लिए आते हैं। इसके अलावा, डॉकी में घूमने लायक जगहों में जफलॉन्ग जीरो पॉइंट और भारत-बांग्लादेश मैत्री स्थल शामिल है, जहां आप यादगार पल बिता सकते हैं।
गोवा
गोवा सुंदर समुद्र तटों के लिए प्रसिद्ध है। दिसंबर के महीने में भव्य क्रिसमस और नए साल के जश्न के साथ गोवा का कण-कण रूमानी और जीवंत हो उठता है। युवाओं के लिए तो यह जगह किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां के बीच पर आप समुद्र की लहरों का लुत्फ उठा सकते हैं। यहां अगुआड़ा किला, चपोरा किला, सलीम अली पक्षी अभयारण्य और अगुवाड़ा बीच जैसी कई जगहें हैं जहां आप घूमने का मजा ले सकते हैं। इसके अलावा, यहां समुद्री भोजन और देर रात तक पार्टी का आनंद लिया जा सकता है।
काजीरंगा नेशनल पार्क
असम का काजीरंगा नेशनल पार्क यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है। दिसंबर में यहां सर्दी होने के बावजूद मौसम बेहद सुखद होता है। करीब 43 हजार हेक्टेयर में फैला यह पार्क पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। यह नेशनल पार्क एक सींग वाले गैंडों के संरक्षण और इनकी बड़ी आबादी के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। गैंडों के अलावा, आप यहां जंगली हाथी, बाघ, भैंसे, हिरण, ऊदबिलाव, तेंदुआ और हजारों की संख्या में अप्रवासी पक्षी देख सकते हैं। साथ ही साइबेरिया से उड़ान भरकर यहां पहुंचने वाले कई तरह के पक्षियों का भी दीदार कर सकते हैं।
ऋषिकेश
उत्तराखंड में स्थित ऋषिकेश एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है। दिसंबर में घूमने के लिए ऋषिकेश को आप अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। यहां एडवेंचर एक्टिविटीज, मंदिर, घाट के खूबसूरत नजारे देखने को मिल जाएंगे। यहां के दर्शनीय स्थलों में त्रिवेणी घाट, बीटल्स आश्रम, शिवपुरी बीच, तेरा मंजिल मंदिर, नीरगढ़ झरना, जंपिन हाइट्स और कुंजापुरी मंदिर ट्रैकिंग और लक्ष्मण झूला प्रसिद्ध है। इसके अलावा, बॉडी सर्फिंग, क्लिफ जंपिंग और रॉक क्लाइंबिंग जैसी एक्टिविटीज में भी आप हाथ साफ कर सकते हैं।
Arun kumar baranwal