मेट्रो सिटी में रहने वाला हर शख्स समय के अभाव में जी रहा है। देश-दुनिया में क्या हो रहा है इसको जानने के लिए किसी के पास समय ही नहीं है। ऐसे में हमने सोचा कि देश की टॉप-10 खबरें कम से कम समय में आप तक पहुंचें। इसलिए आज से यह नया प्रयास शुरू किया है। अगर आपको मेरी यह पहल अच्छी लगे तो लाइक जरूर करें और हां शेयर करना बिल्कुल न भूलें। साथ ही कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया भी दें।
1-
आज की सबसे बड़ी खबर महाराष्ट्र से है। मुंबई के आजाद मैदान में देवेंद्र फडणवीस ने तीसरी बार महाराष्ट्र के नए सीएम के तौर पर शपथ ली। अजित पवार और एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। इसके अलावा केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी शिरकत की। यह कार्यक्रम काभी लंबा चलेगा। इसके अन्य कई मंत्री भी शपथ ले सकते हैं।
2-
दूसरी खबर झारखंड से है। झारखंड में हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल का आज विस्तार हो गया है। जिसमें झारखंड मुक्ति मोर्चा के छह, कांग्रेस के चार और राजद के एक विधायक ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सभी को राजभवन के अशोक उद्यान में शपथ दिलाई। मंत्री बनने वालों में झामुमो के सुदिव्य कुमार, दीपक बिरुआ, रामदास सोरेन, चमरा लिंडा, योगेंद्र प्रसाद और हाफिजुल हसन शामिल हैं। जबकि, कांग्रेस की दीपिका पांडे सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, इरफान अंसारी और राधाकृष्ण किशोर ने मंत्री पद की शपथ ली। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल के संजय प्रसाद यादव को भी मंत्री बनाया गया है।
3-
तीसरी खबर इसरो की कामयाबी की है। इसरो ने 4 दिसंबर 2024 को प्रोबा-3 की लॉन्चिंग टाल दिया था। आज यानी 5 दिसंबर 2024 की शाम चार बजकर चार मिनट पर लॉन्च कर दिया। लॉन्चिंग श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर के लॉन्च पैड एक से की गई। मात्र 26 मिनट की उड़ान के बाद इसरो का सैटेलाइट्स अंतरिक्ष में स्थापित हो गया। इस मिशन में इसरो पीएसएलवी- सी 59 रॉकेट उड़ा रहा है। इसमें सी-59 असल में रॉकेट कोड है। यह पीएसएलवी की 61वीं उड़ान और एक्सएल वैरिएंट की 26वीं उड़ान थी। यह रॉकेट 145.99 फीट ऊंचा है। चार स्टेज के इस रॉकेट का लॉन्च के समय वजन 320 टन होता है। यह रॉकेट प्रोबा-3 सैटेलाइट को 600 गुणे 60,530 किलो वाली अंडाकार आॅर्बिट में डालेगा। प्रोबा-3 दुनिया का पहला प्रेसिशन फॉर्मेशन फ्लाइंग सैटेलाइट है। यानी यहां एक नहीं दो सैटेलाइट लॉन्च होंगे। जिनका कुल वजन 550 किलोग्राम होगा। 310 किलोग्राम वजनी यह सैटेलाइट सूरज की तरफ मुंह करके खड़ा होगा। यह लेजर और विजुअल बेस्ड टारगेट डिसाइड करेगा।
4-
अगली यानी चौथी खबर उत्तर प्रदेश के संभल से है। उत्तर प्रदेश के संभल में जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल में प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार किया है। जिलाधिकारी ने बवाल में शामिल सभी दंगाइयों के पोस्टर सार्वजनिक स्थलों पर लगाने का आदेश दिया है। 24 नवंबर को हुई हिंसा के दौरान उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग की थी। जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई थी और कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इस मामले में अभी तक 400 से अधिक लोगों की पहचान की गई है। इसमें से 32 को गिरफ्तार किया जा चुका है। दो एफआईआर में 40 नामजद और 2750 अज्ञात आरोपी बनाए गए हैं। पोस्टर का डिजाइन तैयार किया जा रहा है। इसे आज लगाए जाने की उम्मीद है। पोस्टर में गिरफ्तार लोगों के नाम शामिल नहीं किए जाएंगे।
5-
पांचवीं खबर केंद्रीय मंत्रालय के कार्यों से जुड़ी है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने लोकसभा में अपने मंत्रालय से जुड़े कार्यों और सदस्यों के सवालों के जवाब दिए। इस दौरान गडकरी ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों पर रोष जाहिर किया। इतना ही नहीं, उन्होंने सड़क परियोजनाओं में कॉन्ट्रैक्टर्स की लापरवाही से लेकर टोल केंद्रों की संख्या को लेकर भी जवाब दिया। बता दें कि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सांसद हनुमान बेनीवाल ने लोकसभा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की खामिया गिनाईं थीं। उन्होंने 150 से ज्यादा लोगों की मौत की बात कही थी। नागौर से सांसद ने बताया था कि अकेले दौसा में ही 50 से ज्यादा लोगों की मौतें हुई हैं। उन्होंने एक्सप्रेस-वे पर लगाए गए ठेकेदारों और अफसरों पर कार्रवाई और जांच रिपोर्ट को लेकर केंद्रीय मंत्री से जानकारी मांगी थी। इस पर गडकरी ने कहा कि यह देश का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे है और वैश्विक स्तर पर सबसे कम समय में बनाया गया है। इसकी कीमत एक लाख करोड़ रुपये है। केंद्रीय मंत्री ने अपने जवाब में कहा कि लेयर में फर्क आया है, लेकिन मैटेरियल में बदमाशी नहीं हुई है।
6-
अगली यानी छठवीं खबर अडानी मुद्दे पर आपसी टकराव को लेकर है। अडानी मुद्दे को लेकर इंडिया गठबंधन में दरार पड़ने लगी है। इससे राहुल गांधी के सामने इंडिया ब्लॉक में ही चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। जिन वजहों से वो लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष बने हैं उसे संभाल पाना मुश्किल हो रहा है। हाथों में संविधान लिए जो विपक्षी एकता सड़क से संसद तक नजर आ रही थी, धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगी है। तकरीबन सब ठीक ही चल रहा था, लेकिन अडानी ग्रुप के कारोबार की जेपीसी जांच के मुद्दे पर कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस में ठन गई। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के सबसे बड़े मददगार साबित हुए समाजवादी पार्टी नेता अखिलेश यादव को भी राहुल गांधी का संभल प्लान अच्छा नहीं लगा। उद्धव ठाकरे के मन की बात भी सामना के जरिये सामने आ गई। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 25 और 27 नवंबर को मीटिंग बुलाई थी। लेकिन, तृणमूल कांग्रेस का कोई भी नेता शामिल नहीं हुआ। ये सिलसिला जारी है।
7-
सातवीं खबर उन्नाव रेप कांड से जुड़ी हुई है। उन्नाव रेप कांड में जेल में बंद भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट की तरफ से सेंगर को मेडिकल आधार पर दो हफ्ते की अंतरिम जमानत दी गई है। कोर्ट ने सेंगर को एम्स में भर्ती होने और मेडिकल बोर्ड द्वारा चिकित्सकीय जांच कराने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने जमानत के लिए कई शर्तें रखी हैं। हाई कोर्ट ने कुलदीप सिंह सेंगर को निर्देश दिया है कि वह पीड़िता या उसके परिवार से संपर्क करने की कोशिश ना करें। साथ ही जांच अधिकारी के संपर्क में रहें। बता दें कि कुलदीप सेंगर उन्नाव में नाबालिग लड़की का अपहरण और उसके साथ दुराचार करने के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है।
8-
अगली यानी आठवीं खबर देश में माहौल खराब करने को लेकर आई है। पंजाब के अमृतसर में थाना मजीठा के अंदर एक अज्ञात शख्स ने हैंड ग्रेनेड फेंक कर तहलका मचा दिया। थाने के अंदर खुली जगह पर ग्रेनेड फेंकने के बाद जबरदस्त धमाका हुआ। जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ। धमाके के बाद हरकत में आई पुलिस ने तुरंत थाने का गेट बंद कर दिया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर एसपी चरणजीत सिंह, डीआईजी सतिंदर सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी हैप्पी पासियां ने ली है।
9-
नौंवीं खबर देश के खिलाफ चल रहे बड़े अभियान से जुड़ी है। आज भाजपा सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने खतरनाक त्रिकोण का जिक्र करते हुए राहुल गांधी को देशद्रोही तक कह डाला। उन्होंने एक फ्रेंच समाचार पत्र में छपी रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने भारत को अस्थिर करने की कोशिशों का भी खुलासा किया। इसके लिए राहुल देश को सबसे बड़ा गद्दार बताया। दो दिसंबर को फ्रेंच के एक अखबार में छपी एक रिपोर्ट को लेकर भाजपा सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हम एक खतरनाक त्रिकोण के बारे में बात करने जा रहे हैं। यह भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। इस त्रिकोण में एक तरफ अमेरिका में बैठे जॉर्ज सोरोस का फाउंडेशन है और अमेरिका की कुछ एजेंसियां हैं। दूसरी तरफ ओसीसीआरपी नाम का बड़ा न्यूज पोर्टल है। त्रिकोण के आखिरी और सबसे महत्वपूर्ण कोने में राहुल गांधी हैं। वह सबसे बड़े गद्दार हैं। उन्होंने कहा कि मैं यह शब्द कहने से डरता नहीं हूं। मुझे लोकसभा के नेता को देशद्रोही कहने में कोई हिचक नहीं है।
10-
दसवीं यानी अंतिम खबर खेल से है। आज बड़ौदा ने टी-20 का सबसे बड़ा स्कोर बनाकर क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है। बड़ौदा की टीम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सिक्किम के खिलाफ 20 ओवर में 349 रन का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया। बड़ौदा की तरफ से भानू पानिया ने 51 बॉल पर नाबाद 134 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। अपनी पारी के दौरान उन्होंने 4 चौके और 15 छक्के उड़ाये। इस मुकाबले को बड़ौदा ने 263 रन के बड़े अंतर से जीता। बड़ौदा ने अपनी पारी के दौरान 18 चौके और 37 छक्के लगाए। यानी बाउंड्री से कुल 294 रन बने, जो टी-20 इतिहास में चौकों-छक्कों से बने सबसे ज्यादा रन भी रहे।
Rajneesh kumar tiwari