जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। गर्म मौसम और विशाल रेगिस्तानों के लिए पहचान रखने वाले सऊदी अरब में चमत्कार हो गया। यहां इतिहास में पहली बार भयंकर बर्फबारी हुई है। यहां इतनी ज्यादा बर्फ पड़ी है कि अरब के रेगिस्तान सफेद हो गए। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग कह रहें है कि लग रहा है कयामत आने वाली है। सब कुछ खत्म होने वाला है। सऊदी अरब के गर्म मौसम में अभूतपूर्व बदलाव देखा जा रहा है। सऊदी प्रेस एजेंसी के अनुसार, सऊदी अरब के अल-जौफ क्षेत्र में भारी बारिश और ओलों के साथ बर्फबारी हो रही है। इस बर्फबारी के कारण पहाड़ों पर सफेद बर्फ की चादर बिछ गई है। दावा ये भी किया जा रहा है इस तरह की बर्फबारी पहले कभी नहीं देखी गई। इस बर्फबारी और भारी बारिश के कारण पूरे इलाके में ठंड का असर बढ़ गया है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी ने मौसम को ठंडा बना दिया है। जिससे वहां रहने वालों को कड़ी ठंड का सामना करना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर कई दिलचस्प प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों का कहना है कि यह दुनिया के अंत का संकेत है। कयामत नजदीक आ रही है। लोग इसकी तस्वीरें भी साझा कर रहे हैं। इन तस्वीरों में सड़कें और घाटियां ओलों से ढकी दिख रही हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने तो यहां तक दावा किया कि तूफान की वजह से इस क्षेत्र में झरने और बफीर्ली नदियां बन गई हैं। वहीं, कुछ लोगों ने इसे ग्लोबल वार्मिंग का परिणाम बताया, जिसके असर से अब सऊदी अरब भी प्रभावित हो रहा है। संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक इस असामान्य ओलावृष्टि का कारण अरब सागर से ओमान तक फैला लो प्रेशर सिस्टम है। लो प्रेशर की वजह से नमी से भरी हवाएं ऐसे इलाके में आ गईं जिससे बर्फबारी हुई है। खलीज टाइम्स के अनुसार मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में अल-जौफ के अधिकांश हिस्सों में संभावित गरज के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। जिससे विजिबिलिटी भी प्रभावित हो सकती है। मौसम विभाग ने तूफान के साथ तेज हवाएं भी चलने की आशंका जताई है। अलर्ट के अनुसार लोगों को अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है। बता दें कि इसी साल की शुरूआत में सऊदी अरब की राजधानी रियाद को भारी बारिश के बाद गंभीर बाढ़ का सामना करना पड़ा था। बाढ़ की जो तस्वीरें सामने आईं थी उसमें दिख रहा था कि बहाव इतना तेज था की पानी में कारें तक बह गईं। विशेषज्ञों के अनुसार खाड़ी देशों को इन जलवायु परिवर्तन की स्थितियों से निपटने के लिए मजबूत नीतियां और रणनीतियां विकसित करनी होंगी। बता दें कि अल-जौफ सऊदी अरब का एक प्रमुख प्रांत है। यह देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित है। यह क्षेत्र अपने रेगिस्तानी इलाकों, पहाड़ों और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए प्रसिद्ध है। अल-जौफ की राजधानी सकाका है। यह सऊदी अरब के अन्य प्रमुख शहरों से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है। इस क्षेत्र का मौसम आमतौर पर गर्म और सूखा रहता है। अब बर्फबारी और भारी बारिश जैसी घटनाओं के कारण मौसम में बदलाव देखे जा रहे हैं।
Rajneesh kumar tiwari