June 27, 2024
संवाददाता, नोएडा। उत्तर प्रदेश के लिए आज का दिन इतिहास बन गया। सीएम योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट फिल्म सिटी की शुरुआत हो गई। साथ ही यह भी ऐलान हो गया कि इस फिल्म सिटी में कौन सी पहली फिल्म की शूटिंग होगी। उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी खबर सामने आई है। यमुना प्राधिकरण दफ्तर में बोनी कपूर ने फिल्म सिटी को लेकर समझौते पत्र पर हस्ताक्षर किया। सीएम योगी की टीम और यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉक्टर अरुणवीर सिंह समेत कई अधिकारी इस ऐतिहासिक मौके के गवाह बने। अब बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप मिलकर योगी आदित्यनाथ के सपने को पूरा करेंगे। करीब एक हजार एकड़ जमीन पर गौतमबुद्ध नगर की जमीन पर फिल्म सिटी बनेगी। इंटरनेशनल फिल्म सिटी की कंसेशन एग्रीमेंट हस्ताक्षर के मौके पर फिल्म निर्माता और निर्देशक बोनी कपूर ने बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि उनकी अगली फिल्म नो एंट्री में एंट्री की शूटिंग यमुना प्राधिकरण क्षेत्र की इंटरनेशनल फिल्म सिटी में होगी। यह फिल्म सिटी अंतरराष्ट्रीय सुविधाओं को ध्यान में रखकर बनाई जाएगी। इसमें भारतीय फिल्मों के साथ-साथ विदेशी फिल्मों की शूटिंग भी होगी। उन्होंने कहा कि तीन से चार माह में फिल्म सिटी के स्टूेडियो का निर्माण शुरू हो जाएगा। वहीं तीन साल के भीतर यहां फिल्मों की शूटिंग शुरू हो जाएगी। बोनी कपूर ने कहा कि फिल्म सिटी में फिल्म निर्माण संबंधित ढांचे के साथ-साथ प्रशिक्षण की सुविधा भी होगी। इसमें फिल्म इंस्टीट्यूट शुरू किया जाएगा। इससे फिल्म निर्माण के लिए बाहर से कम लोगों को लाने की जरुरत पड़ेगी। यहीं पर फिल्म निर्माताओं को प्रशिक्षित कारीगर मिल जाएंगे। वहीं फिल्म सिटी के बारे में यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल फिल्म सिटी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने की जिम्मेदारी विकास कर्ता कंपनी को दी गई है। 1095 दिन में फिल्म सिटी का निर्माण कर संचालन शुरू करना होगा। 230 एकड़ में फिल्म सिटी का यह पहला चरण है। इसके निर्माण पर 1510 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के साथ फिल्म क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। फिल्म सिटी को यमुना एक्सप्रेस-वे से सीधे कनेक्टिविटी दी जाएगी। इससे लोगों को फिल्म सिटी तक आने-जाने में सुविधा होगी।
Rajneesh kumar tiwari