जनप्रवाद संवाददाता, संभल। संभल में ठगी करने का अनोखा मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने लुटेरी दुल्हन और उसकी गैंग का पदार्फाश करते हुए कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पुलिस के अनुसार ये गैंग शादी का झांसा देकर ठगी करता था। पुलिस ने लुटेरी दुल्हन और गैंग सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया में अक्सर लुटेरी दुल्हन की खबरें आती हैं। पहले तो ये दुल्हनें अविवाहित युवकों की एक रात की दुल्हन बनती हैं। उसके बाद पूरे परिवार को सुलाकर लाखों रुपये और जेवर लेकर फरार हो जाती हैं। अब संभल में जो मामला सामने आया है उसमें दुल्हन ठगी करने के बाद भागती नहीं बल्कि पुलिस बुला लेती है। पूरा मामला जानने के लिए इस कहानी की तह में चलते हैं। संभल के रजपुरा थाना इलाके के गांव चंदू नगला का है। यहां एक व्यक्ति को शादी का झांसा देकर एक शख्स ने दो महिलाओं से मिलवाया। शादी का झांसा देकर पहले तो तीस हजार रुपए ले लिए। इसके बाद एक महिला को दुल्हन बनाकर उसके घर भेज दिया। सुहागरात का सपना पाले सख्स की उम्मीदों को उस समय झटका लगा जब नई नवेली दुल्हन अचानक हंगामा करने लगी। वह छब्बीस हजार रुपए और मांगने लगी। जब उसे रुपये नहीं मिले तो रात को ही महिला ने डायल 112 पर काल पुलिस बुला ली। वह खुद को बंधक बनाने का आरोप लगाने लगी। वहीं शादी के नाम पर ठगी का शिकार हुए ग्रामीण ने पुलिस को आप बीती सुनाई तो पुलिस का भी दिमाम चकरा गया। आखिरकार जांच पड़ताल के बाद दुल्हन का असली रूप सामने आ गया। पुलिस ने अनुसार ये महिला पहले भी रामपुर ,मुरादाबाद और संभल जिले में दुल्हन बनकर कई लोगों को अपना शिकार बना चुकी हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लुटेरी दुल्हन और गैंग सरगना समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक इस गिरोह में शामिल महिलाएं बिचौलिया की भूमिका निभाती हैं। फिलहाल गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।
Rajneesh kumar tiwari