जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। संभल में एक निकाह समारोह जंग का मैदान बन गया। मजेदार बात यह है कि यहां छुहारे के लिए घराती और बराती एक दूसरे से भिड़ गए। यह बवाल घंटो तक चला। वहीं छुहारे लूटने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शादी समारोह में बारातियों का एक अलग ही रौब होता है। जब वे दूल्हे के साथ नाचते-गाते लड़की वालों के घर पहुंचते हैं तो उनके मन में शानदार स्वागत का ख्याल रहता है। वे सोचते हैं कि हम तो बाराती हैं। दूल्हे की तरफ से हैं, हमारी तो अलग ही खातिरदारी होगी। वहीं, लड़की वाले भी इस बात का खास ख्याल रखते हैं कि बारातियों को किसी बात की कोई तकलीफ न हो। वे दुखी मन से न लौंटे। लड़की वाले अपनी क्षमता से बढ़कर बरातियों के स्वागत की कोशिश करते हैं। वहीं कई बार ऐसा भी होता है कि बारातियों की हरकत की वजह से शादी के माहौल में तनावपूर्ण माहौल पैदा हो जाता है। वर-वधू पक्ष आमने सामने आ जाते हैं। अब संभल जिले का एक मजेदार वीडियो वायरल हो रहा है। यहां निकाह समारोह में हिस्सा लेने आए बरातियों का पहले तो जोरदार स्वागत किया गया। उसके बाद लड़की के रिश्तेदारों ने उनकी कुर्सियों और लात-घूंसों से धुनाई कर दी। निकाह समाराहे का यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। लोग इस वीडियो पर तरह-तरह के कमेंट भी कर रहे हैं। यह वीडियो संभल जिले के हयातनगर इलाके के एक बैंकट हॉल का बताया जा रहा है। बता दें कि हयातनगर थाना क्षेत्र के सरायतरीन में बारात पहुंची थी। बारात के लिए बैंकट हॉल में इंतजाम किए गए थे। निकाह की रस्म अदा होने के बाद छुहारे बांटे जा रहे थे। इसी दौरान किसी ने छुहारों से भरी थैली को फाड़ दिया। इससे ही बराती और घरातियों में मारपीट शुरू हो गई। वायरल वीडियो में काफी संख्या में युवा एक-दूसरे पर हमलावर दिख रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि कोई कुर्सियों से मार रहा है तो कोई अपना बेल्ट लेकर पिटाई कर रहा है। इस मारपीट के बाद बैंकट हॉल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मारपीट कर रहे लोगों को तितर बितर किया। इसके बाद माहौल शांत हुआ। इस मामले में थाना प्रभारी चमन सिंह का कहना है कि सरायतरीन इलाके में स्थित हिना पैलेस बैंक्वेट हॉल में निकाह समारोह के दौरान विवाद हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि छुहारे के पैकेट पर हाथ डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है। दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
Rajneesh kumar tiwari