संवाददाता, नई दिल्ली/संभल । प्रचंड गर्मी ने 132 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। आसमान से बरसती आग से समूचा उत्तर भारत उबल रहा है। यूपी में अगले दो दिनों के भीतर 50 डिग्री तक पारा पहुंच जाएगा। यूपी में भीषण गर्मी का ऐसा रौद्र रूप दिखा कि लोग सहम गए। यहां गर्मी के कारण तेज धमाके के साथ रोड तक फटी जा रही है। राजस्थान के चूरू में पारा 50 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर गया है। अन्य शहरों में भी तापमान 48 से 49 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। दिल्ली में भी पारा 50 डिग्री को छूने वाला है। वहीं यूपी ने तो सारे रिकॉर्ड ही तोड़ दिए।पहाड़ी राज्यों में भी गर्मी कहर ढा रही है। जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग में पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके चलते स्कूलों में छुट्टी की घोषणा करनी पड़ी। हिमाचल के ऊना में पारा 44 डिग्री को पार कर चुका है। जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि चूरू देश में सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 50.5 डिग्री दर्ज किया गया। यह इस सीजन में सबसे अधिक है। इससे पहले यहां एक जून, 2019 को पारा 50.8 डिग्री दर्ज किया गया था। चूरू के अलावा राजस्थान के गंगानगर में तापमान 49.4, पिलानी और झुंझुनू में 49 डिग्री दर्ज किया गया। बीकानेर में 48.3, कोटा में 48.2, जैसलमेर में 48 और जयपुर में 46.6 डिग्री दर्ज किया गया। पिलानी में इससे पहले 2 मई, 1999 को अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री दर्ज किया गया था। राज्य सरकार ने बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने को कहा है। राजस्थान में अब तक लू से 51 लोगों की जान जा चुकी है।मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली के तीन केंद्रों पर तापमान 50 डिग्री पहुंचने वाला है। मुंगेशपुर व नरेला में अधिकतम तापमान 49.9 व नजफगढ़ में 49.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने कहा कि अभी कम से कम दो दिन प्रचंड गर्मी और लू से लोगों को राहत नहीं मिलने वाली है। वहीं देश के 7 राज्यों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। यूपी में गर्मी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। झांसी में पारा 49 डिग्री पहुंच गया है। यह 132 सालों में सर्वाधिक है। आगरा, हमीरपुर व प्रयागराज में पारा 48.2, कानपुर व वाराणसी में 47.6 और फतेहपुर में 47.2 डिग्री रहा जो मई महीने का अब तक का रिकॉर्ड है। विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यूपी में मई महीने इतनी तपिश कभी नहीं रही। यूपी के संभल से भीषण गर्मी का रौद्र रूप दिखा है। संभल जिले में आरसीसी रोड तेज धमाके के साथ अचानक फट गई। इसके बाद सड़क जमीन से करीब 10 इंच ऊपर उठ गई। आरसीसी रोड का तेज धमाके के साथ टूटते हुए लाइव वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। बीच सड़क पर अचानक तेज धमाका हुआ तो आसपास के दुकानदार और राहगीर भी सहम गए। मौके पर काफी लोग जमा हो गए। वहीं, सड़क टूटने की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
Rajneesh kumar tiwari