नई दिल्ली। करोड़पति और मालामाल बनने की चाह रखने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। आज हम ऐसी नदी के बारे में बता रहे हैं जो बारिश में पानी के साथ हीरे भी बहा कर लाती है। आप इसे मजाक समझ रहे होंगे, लेकिन यह सच है। अभी तक यहां कई लोग मालामाल हो चुके हैं। लोगों को पलभर में करोड़पति बना देने वाली यह नदी बुंदेलखंड के पन्ना जिले में है। यह नदी अजयगढ़ तहसील से निकलती है। इसका नाम रुन्झ नदी है। बताया जाता है कि बरसात के मौसम में यह नदी कंकड़-पत्थर के सैलाब के साथ हीरे भी बहाकर लाती है। इसलिए हर साल नदी के किनारों पर बारिश के मौसम में लोग कंकड़-पत्थर में हीरा तलाशते हुए नजर आते हैं। बारिश में यहां हीरे की चाह रखने वाले लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। अगर आप किस्मत के धनी हैं तो नदी में मिले हीरे से रातों-रात आपकी किस्मत बदल सकती है। बता दें कि आखिरी बार यहां एक किसान को 72 कैरेट का हीरा मिला था। जैसे ही यह खबर जंगल की आग की तरह फैली हजारों की संख्या में लोग हीरा तलाशने नदी के किनारे पहुंच गए थे। नदी का यह इलाका वन विभाग की रेंज में आता है इसलिए सभी को वहां से तुरंत हटा दिया गया था। साथ ही वहां आने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। बावजूद इसके लोग चोरी छुपे नदी के किनारे पहुंच ही जाते हैं। नदी में बहकर आने वाला हीरा बहुत कीमती होता है। यह जितना कीमती है, उसे पाना उतना ही कठिन है। हीरे की तलाश में लोग फावड़ा, तसला और जालीदार टोकरी लेकर नदी के किनारे पहुंचते हैं। बहकर आई मिट्टी को टोकरी में भरकर उसे नदी से बाहर निकालते हैं और उसमें से हीरे की तलाश करते हैं। इसके अलावा, किनारों के पत्थरों को खोदकर भी हीरा तलाशा जाता है। यहां मेहनत तो सभी करते हैं, लेकिन जो किस्मत का धनी होता है उसी को हीरा मिलता है। बता दें कि बुंदेलखंड के पन्ना में हीरे निकालने का इतिहास करीब 300 साल पुराना है। माना जाता है कि महाराज छत्रसाल के समय से यहां हीरा निकलता है। यहां जगह-जगह हीरे की खदान भी है। जिसे लोग लीज पर लेकर अपनी किस्मत आजमाते हैं। खुदाई में कई लोग करोड़पति भी बन चुके हैं। इस नदी पर अब रुन्झ डैम का निर्माण किया जा रहा है। जिसका काम लगभग 60 प्रतिशत पूरा हो चुका है। डैम बनने के बाद नदी का यह इलाका गहरे पानी में डूब जाएगा। फिर यहां लोगों का आना बंद हो जाएगा और हीरों की तलाश खत्म हो जाएगी।
Arun kumar baranwal