नई दिलली। लोकसभा चुनाव 2024 में अगर भाजपा और एनडीए की जीत होती है और नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनते हैं तो वे लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। अभी नेहरू देश के इकलौते नेता हैं, जो लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बने। यहां तक कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी भी ऐसा नहीं कर सके। अब पीएम मोदी के पास मौका है। बता दें कि पंडित नेहरू लगातार तीन लोकसभा चुनाव- 1952, 1957 और 1962 में जीत के बाद प्रधानमंत्री बने थे। वहीं इंदिरा गांधी 1972 में लगातार दूसरी बार पीएम बनीं, लेकिन आपातकाल के बाद 1977 में मिली हार ने लगातार तीसरी पारी की राह पर विराम लगा दिया। इंदिरा गांधी की हत्या के बाद राजीव गांधी पीएम बने, लेकिन 1989 के आम चुनाव में लगातार दूसरी पारी नहीं मिल पाई। देश में लोकसभा चुनाव के इतिहास में सबसे ज्यादा सीटें जीतने का रिकॉर्ड कांग्रेस के नाम है। 1984 के चुनाव में कांग्रेस ने 415 सीटों पर जीत दर्ज कर प्रचंड बहुमत हासिल किया था। इस बार भाजपा ने सहयोगी दलों को मिलाकर 400+ का नारा दिया है। साथ ही पार्टी ने खुद के लिए 370 लोकसभा सीट का लक्ष्य रखा है। ऐसे में मोदी की लहर चली तो कांग्रेस का यह रिकॉर्ड भी टूट सकता है। इसके अलावा पीएम मोदी एक और रिकॉर्ड बनाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर से 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए वाराणसी से लोकसभा प्रत्याशी बनाए गए हैं। इस बार वह अपनी जीत से एक नया इतिहास लिख सकते हैं जो पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की भी बराबरी करेगा। अब तक इतिहास में दो ही ऐसे प्रधानमंत्री हुए हैं जो लगातार एक ही लोकसभा सीट से तीन बार चुनाव लड़कर जीत चुके हैं। पंडित जवाहर लाल नेहरू ने प्रयागराज (इलाहाबाद) जिले के फूलपुर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से 1952, 1957 और 1962 का चुनाव जीता था। इंदिरा गांधी ने रायबरेली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से 1967, 1971 और 1980 के चुनाव में जीत दर्ज की थी। इनके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। पीएम मोदी ने साल 2014 और 2019 में वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और दोनों ही चुनाव में जीत दर्ज की है। अब 2024 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी सीट से चुनाव मैदान में हैं। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि आगामी फेहरिस्त में पीएम मोदी का भी नाम जुड़ जाएगा।
Rajneesh kumar tiwari