संवाददाता, नोएडा। नोएडा से बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। प्रचंड गर्मी के रेड अलर्ट के बीच अलग-अलग जगहों से 14 लोगों की जान जाने की खबर है। इससे नोएडा प्रशासन में हड़कंप मच गया है। आशंका जताई जा रही है कि लू और हीटस्ट्रोक की वजह से इनकी जान गई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी सामने आएगी। भीषण गर्मी के बीच नोएडा से बड़ी खबर सामने आई है। यहां अलग अलग जगहों पर 14 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई। हैरानी की बात यह है कि ये सभी लोग पुलिस और अपने परिजनों को अचानक मृत अवस्था में मिले। इनके शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है की इन सभी लोगों की जान जाने का कारण लू और हीटस्ट्रोक है। इस बारे में नोएडा जिला अस्पताल की सीएमएस रेणु अग्रवाल ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमारे यहां 14 ब्रॉड डेड के मामले सामने आए थे। कुछ लोगों को पुलिस लेकर आई थी वहीं कुछ लोगो को उनके परिजन लेकर आए थे। इनकी जान कैसे गई फिलहाल इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पता चलेगा कि इन जान जाने का कारण लू और हिट स्ट्रोक है या नहीं। बता दें कि पूरे दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर और पूर्वी भारत में प्रचंड गर्मी से हाहाकार मचा है। बीते 15 से 20 दिनों से उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा समेत ज्यादातर राज्यों में दिन का तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बरकरार है। वहीं यूपी में अब तक 171 लोगों के जान जाने की खबर है। नोएडा में हालत यह है कि आज सुबह 8:30 बजे ही पारा 34 डिग्री पहुंच गया। वहीं एनसीआर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में गर्मी में 24 घंटे में 33 लोगों की जान गई है। यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। पुलिस के पास अभी पांच जिलों का डेटा नहीं है। ज्यादातर पुलिस उपायुक्त का कहना है कि यह फुटपाथ व रैन बसेरों में रहने वाले लोग थे। शुरूआती जांच में पुलिस इसका कारण गर्मी ही मान रही है। हालांकि यह भी कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी। उधर, दिल्ली के 38 अस्पतालों में हर रोज बेहोशी, उल्टी व चक्कर आने के 100 से ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच राष्ट्रीय राजधानी में बिजली की खपत में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी हुई है। यह अब तक के उच्चतम स्तर तक पहुंच चुकी है। दिल्ली नोएडा सेक्टर-53 गिझोड़ में कई तक बिजली कटी रही। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
Rajneesh kumar tiwari