नई दिल्ली। पर्यटन के मामले में भारत को एक समृद्ध देश माना जाता है। बात सितंबर की करें तो इस माह में बारिश और मानसून का दबाव कम हो जाता है। चारों ओर हरियाली ही हरियाली नजर आती है। ऐसे में इस माह में घूमने का अपना अलग ही मजा होता है। आइये, हम आपको कुछ ऐसे खूबसूरत स्थलों के बारे में बताते हैं जो आपका मन मोह लेंगे।
मुन्नार
केरल का मुन्नार सितंबर में घूमने के लिए बेहतरीन जगहों में शामिल है। यह हिल स्टेशन पर्यटकों के लिए स्वर्ग के समान है। मुन्नार तीन पर्वतों की श्रृंखला- मुथिरपुझा, नल्लठन्नी और कुंडल के मिलन स्थल पर स्थित है। यह हिल स्टेशन चाय की खेती, छोटी नदियां, झरने और ठंडे मौसम के लिए प्रसिद्ध है। यहां आप ट्रैकिंग और माउंटेन बाइकिंग का लुत्फ उठा सकते हैं। चाय के बगीचे, वॉंन्डरला एम्यूजमेंट पार्क, कोची फोर्ट, गणपति मंदिर और हाउस बोट यहां के प्रमुख रोमांचकारी और दर्शनीय स्थल हैं, जहां आप अपने दोस्तों और परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिता सकते हैं।
चोपता
उत्तराखंड राज्य में स्थित चोपता को ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से जाना जाता है। सितंबर के महीने में घूमने के लिए इस जगह को आप अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। अगर आपने किसी हसीन जगहों के बारे सिर्फ सुना है, देखा नहीं है तो आपको इस हिल स्टेशन पर जरूर घूमना चाहिए। शहर की चकाचौंध और शोर-शराबे से दूर यह जगह बेहद शांत है। अगर आप ट्रैकिंग और हाईकिंग के शौकीन हैं तो चोपता आपको निराश नहीं करेगा। यहां का चोपता तुंगनाथ ट्रैक, देवरिया ताल ट्रैक, चंद्रशिला पीक ट्रैक और बिसुरी ट्रैक काफी प्रसिद्ध हैं।
मसूरी
उत्तराखंड का मसूरी सितंबर में घूमने के लिए अच्छी जगहों में शामिल है। अपनी खूबसूरती की वजह से मसूरी को ‘पहाड़ों की रानी’ भी कहा जाता है। इसकी खूबसूरती का अंदाजा आप ऐसे लगा सकते हैं कि यहां देश-विदेश के पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहता है। यहां ऐसा चलन है कि लोग स्कूटी से घूमना पसंद करते हैं। अधिकतर पर्यटक यहां स्कूटी चलाते हुए दिख जाएंगे। यहां घूमने लायक जगहों में केम्प्टी फॉल, लाल टिब्बा, कंपनी गार्डन, जॉर्ज एवरेस्ट, क्लाउड एंड, मसूरी झील, झरीपानी वाटरफॉल प्रमुख हैं। जहां आप परिवार और दोस्तों के साथ यादगार पल बिता सकते हैं।
शिमला
हिमाचल प्रदेश का शिमला सितंबर में घूमने के लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। यहां चारों ओर फैला हिमालय पर्वत की चोटियों का सुंदर दृश्य आपका मन मोह लेगा। यह दृश्य रोमांच के साथ-साथ रोमांस का भी अनुभव कराता है। इस खूबसूरत हिल स्टेशन को देखने के लिए देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी तादाद में सैलानी आते हैं। पर्यटक यहां संग्रहालय, थिएटर और औपनिवेशिक लॉज से लेकर चर्च तक कई जगह घूमने का लुत्फ उठा सकते हैं। इसके अलावा, पर्यटक माल रोड और जाखू हिल स्टेशन देख सकते हैं।
भेड़ाघाट
मध्यप्रदेश के जबलपुर के पास स्थित भेड़ाघाट सितंबर में घूमने का बेहतरीन स्थान है। जबलपुर से करीब 20 किलोमीटर की दूरी पर नर्मदा नदी के किनारे बसा भेड़ाघाट अपने आप में जबरदस्त प्राकृतिक सुन्दरता समेटे हुए है। यहां आपको प्राकृतिक झरने, उफनती नदी और संगमरमर के पहाड़ एक ही जगह पर देखने को मिल जाएंगे। संगमरमर के पहाड़ों के बीच से होकर बहती नर्मदा नदी इसकी खूबसूरती में और चार चांद लगा देती है। बारिश के बाद सितंबर में नर्मदा नदी का बहता पानी बहुत ही अद्भुत अनुभव कराता है। यहां बैलेंसिंग रॉक, धुंआधार झरना, पहाड़ों के बीच नौका विहार और चौसठ योगिनी मंदिर घूमने की प्रमुख जगह हैं।
कलिम्पोंग
सितंबर में आप पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग घूमने का प्लान बना सकते हैं। यकीन मानिए यह अनोखा हिल स्टेशन आपकी उम्मीदों से कहीं ज्यादा खूबसूरत है। इसे पूर्वी भारत के लोकप्रिय पर्यटन स्थल का दर्जा हासिल है। सितंबर में आपको इस हिल स्टेशन पर हरा-भरा और मंत्रमुग्ध करने वाला नजारा देखने को मिलेगा। यहां के बड़े-बड़े चाय के बागान आपको बेहद पसंद आएंगे। कलिम्पोंग में आप लेप्चा संग्रहालय, मेक फार्लेन चर्च, डॉ. ग्राहम होम, देओल हिल, मोरन हाउस, सोंगा जुंबा और डर्पिन मठ को घूमने की लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
दमन-दीव
सितंबर में गुजरात के दमन-दीव की यात्रा का प्लान बनाया जा सकता है। यह भारत के खूबसूरत द्वीपों में से एक है। यहां शांत समुद्र तटों से लेकर वास्तुशिल्प चमत्कारों तक, हर किसी के लिए कुछ न कुछ मौजूद है। यहां आप समुद्र तट का अद्भुत नजारा देख सकते हैं। दमन-दीव में आपको गुजराती और पुर्तगाली संस्कृतियों की मिली-जुली झलक देखने को मिलेगी। इसके अलावा, यहां आप आईएनएस खुखरी मेमोरियल, नैदा गुफाएं, दीव संग्रहालय, जम्पा गेटवे, मोती दमन किला, पानीकोटा किला, प्रकाशस्तंभ, चर्च आफ आवर लेडी आफ सी और गंगेश्वर मंदिर देख सकते हैं।
Arun kumar baranwal