September 12, 2024
जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। दुनिया में कई देश हैं जहां की ट्रेनें हवाई जहाज की गति से चलती हैं। इनमें यूरोप और एशिया के कई देश शामिल हैं। ऐसे में यह जानना दिलचस्प हो जाता है कि किन-किन देशों में ये हाईस्पीड ट्रेनें चलती हैं। सबसे विकसित देश अमेरिका का क्या हाल है। इस लिस्ट में भारत का कौन सा स्थान है। हाई स्पीड ट्रेनें दुनिया के लिए एक वरदान हैं। हवाई यात्रा की तुलना में हाई स्पीड ट्रेनें आमतौर पर ज्यादा किफायती होती हैं। लंबी दूरी की यात्रा के लिए ट्रेनें सबसे सुरक्षित और किफायती मानी जाती हैं। दुनिया भर में इन हाई स्पीड ट्रेनों की सख्या तेजी से बढ़ रही हैं। कई देशों में नई हाई स्पीड ट्रेनों के प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है। हाई-स्पीड ट्रेन ट्रांसपोर्ट सिस्टम में सबसे ज्यादा सफलता यूरोप और एशिया में देखी गई है। यहां के कई देशों में हाई-स्पीड रेल नेटवर्क विकसित हो चुके हैं। इसके अलावा मध्य पूर्व और अमेरिका में भी हाई स्पीड ट्रेनें चल रही हैं। कनाडा, आस्ट्रेलिया, रूस और ब्राजील जैसे बड़े देश भी हाई स्पीड ट्रेन चलाने की योजना बना रहे हैं। चीन के पास दुनिया का सबसे बड़ा हाई स्पीड रेल नेटवर्क है। चीन में 40,000 किलोमीटर लंबा हाई स्पीड रेल नेटवर्क है। यह दुनिया के दूसरे सबसे बड़े नेटवर्क से दस गुना बड़ा है। रिसर्च डेटा एकत्र करने वाली कंपनी के अनुसार दुनिया में सबसे तेज स्पीड से ट्रेनें चीन, फ्रांस, जर्मनी और जापान में चलती हैं। यहां ट्रेनें 320 किलोमीटर प्रति घंटे या 460 किलोमीटर प्रति घंटे तक की गति से चल सकती हैं। एशिया में कई देशों में हाई स्पीड ट्रेनें चल रही हैं। हाल ही में इंडोनेशिया में भी एक नई हाई स्पीड ट्रेन शुरू हुई है। यह ट्रेन जाकार्ता और बांडुंग के बीच चलती है और 300 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलती है। सबसे हैरानी वाली बात यह है सबसे विकसित देश अमेरिका अमेरिका में हाई स्पीड ट्रेनों की गति अभी भी बहुत कम है। अमेरिका में कुछ हाई स्पीड ट्रेनें चलती हैं, लेकिन इनकी गति 200 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा नहीं है। वाशिंगटन डीसी और बोस्टन के बीच चलने वाली ट्रेनें 200 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलती हैं। इस साल नई ट्रेनें चलना शुरू हो सकती हैं, जो 250 किलोमीटर प्रति घंटे से थोड़ी ज्यादा गति से चलेंगी। एशिया और मध्य पूर्व के कई देशों में हाई स्पीड ट्रेनें बन रही हैं या बनने की योजना है। इराक में एक हाई स्पीड ट्रेन बन रही है। यह ट्रेन 300 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेगी और 1200 किलोमीटर लंबा सफर तय करेगी। ईरान में भी एक हाई स्पीड ट्रेन बन रही है। यह ट्रेन 250 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेगी। यह तेहरान से इस्फहान तक जाएगी। मेक्सिको भी एक हाई स्पीड ट्रेन चलाने की योजना बना रहा है। यह ट्रेन 300 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलेगी और मेक्सिको सिटी से क्वेरेटारो राज्य तक जाएगी। भारत भी किसी से पीछे नहीं है। भारत में भी हाई स्पीड ट्रेनें चल रही हैं हालांकि इनकी स्पीड दुनिया के कुछ अन्य देशों से कम है। वंदे भारत एक्सप्रेस को सेमी हाई स्पीड ट्रेन माना जाता है। यह पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक से बनी एक आधुनिक ट्रेन है और इसकी अधिकतम गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसके अलावा, भारत में दूसरी हाई स्पीड रेल परियोजनाओं पर भी काम चल रहा है। इनमें मुंबई-साबरमती के बीच प्रस्तावित देश की पहली बुलेट ट्रेन प्रमुख है। यह ट्रेन 320 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ेगी। 508 किमी की दूरी महज दो घंटे में पूरी कर ली जाएगी। ये ट्रेन कुल 12 स्टेशन पर रुकेगी, जिनमें 8 गुजरात और 4 महाराष्ट्र में होंगे।
Rajneesh kumar tiwari