May 22, 2024
संवाददाता, नोएडा। यूपी के गौतमबुद्धनगर जिले में अब एक अनोखी सिटी दिखाई देगी। पिंक सिटी जयपुर की तरह ही यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास की सभी बिल्डिंग एक जैसे रंग की दिखाई देगी। इतना ही नहीं छोटी से लेकर बड़ी कंपनियों का डिजाइन एक जैसा दिखेगा। इसको देखकर हर कोई कहेगा अद्भुत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा को धरातल पर उतारने के लिए यमुना विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ.अरुणवीर सिंह लगातार प्रयास कर रहे हैं। अब गौतमबुद्ध नगर के जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को लेकर यमुना प्राधिकरण ने अनोखा प्लान तैयार किया है। प्राधिकरण के सीईओ अरुणवीर सिंह ने हमारे संवाददाता कैलाश चन्द्र को नए प्लान की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूपी में पहली बार क्लस्टर बेस डेवलपमेंट हो रहा है। इसका विकास यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में किया जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास बहुमुखी विकास हो रहा है। ऐसे में इंडस्ट्री को आर्कर्षित बनाए जाने की जरुरत थी। इसके लिए नया प्लान तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट के पास विकसित होने वाली परियोजनाएं अब एक जैसी दिखाई देगी। सभी बिल्डिंग की दीवारें और उन पर लगा पेंट एक जैसा होगा। बाहर से देखने में सभी छोटी बड़ी कंपनी एक जैसे लगेंगी।
—
यमुना प्राधिकरण में बनाए गए 11 क्लस्टर बेस
अरुणवीर सिंह ने आगे बताया कि यमुना विकास प्राधिकरण ने अपने क्षेत्र में 11 क्लस्टर बेस बनाए हैं। जिनमें से 9 का अलॉटमेंट हो चुका है। इनमें मुख्य रूप से अप्रैल पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, एमएसएमई पार्क, सेमीकंडक्टर पार्क, लेदर पार्क और इलेक्ट्रिक पार्क जैसी बड़ी योजनाएं शामिल हैं। इनके अधिग्रहण का काम तेजी के साथ चल रहा है। इन सभी क्लस्टर बेस में यह सोचा गया है कि अगर कोई व्यक्ति एक बार अंदर जाए तो उसको सारी सुविधाएं मिल जाएं। इंडस्ट्री से जुड़ी सभी सुविधा एक छत के नीचे मिल जाए। साथ ही साथ सबका डिजाइन एक जैसा हो। सबका बाहर का नजरिया देखने का एक जैसा हो और सारी बिल्डिंग एक जैसी हो। सीईओ का कहना है हमारा मानना है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और फिल्म सिटी के बाद यह शहर काफी खूबसूरत होगा। जिसके बाद कलेक्टर बेस इसको और भी ज्यादा खूबसूरत बना देगा। खास बात यह है कि अप्रैल पार्क में इंडस्ट्री लगाने वाले लोगों ने ही इसका डिजाइन तय किया है। जिसको हमने अप्रूव कर दिया है।
Rajneesh kumar tiwari