भारत में मई और जून में गर्मी ज्यादा पड़ती है। खासकर मई में इसकी तपिश चरम पर होती है। इसी महीने में स्कूलों में बच्चों की छुट्टियां होती हैं। ऐसे में ज्यादातर लोगों को तपती चिलचिलाती धूप और आग बरसाते मैदानी इलाकों से दूर किसी हिल स्टेशन पर घूमने और छुट्टियां बिताने की तलाश होती है। अगर आप भी पर्यटन की योजना बना रहे हैं तो हम आपको भारत की कुछ ऐसी जगहों के बारे में बता रहे हैं जहां इस मौसम में छुट्टियां मनाने में मजा आ जाएगा।
चेरापूंजी
चेरापूंजी मेघालय राज्य में बसा एक खूबसूरत शहर है। अगर आप घूमने का प्लान बना रहे हैं और प्रकृति प्रेमी हैं तो इस जगह को अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। चेरापूंजी को एशिया की सबसे साफ जगह में से एक माना जाता है। यहां हर तरफ हरे-भरे जंगल और खूबसूरत झरने आपका मन मोह लेंगे। इसकी खूबसूरती देखते ही बनती है। चेरापूंजी में घूमने के लिए सेवन सिस्टर्स, मौसमाई केव, इको पार्क जैसे खूबसूरत स्थान हैं। जहां आप अपने परिवार और दोस्तों के साथ छुट्टियां मना सकते हैं।
स्पीति
मई में यदि आप घूमने और छुट्टियां बिताने का प्लान बना रहे हैं तो हिमाचल का स्पीति टॉप जगहों की सूची में पहले नंबर पर है। यहां का विहंगम प्राकृतिक दृश्य और ऊबड़-खाबड़ सड़कें, स्पीति की खासियत है। यहां कई लेक और घाटियां भी हैं जो प्राकृतिक खूबसूरती का अद्भुत खजाना है। गर्मियों के लिए स्पीति को इसीलिए परफेक्ट स्थान माना जाता है। मई के महीने में स्पीति का औसत तापमान 18 से 25 डिग्री के बीच रहता है। जो छुट्टियां बिताने और घूमने के लिए बेहतरीन मौसम है।
मैक्लॉडगंज
शांति और प्रकृति से बेहद करीब महसूस कराने के लिए हिमाचल प्रदेश का मैक्लॉडगंज अच्छी जगहों में शामिल है। यह हिमालय की पहाड़ियों के बीच में स्थित है। यहां मई के महीने में आप परिवार और दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने का प्लॉन बना सकते हैं। मई में मैक्लॉडगंज का औसत तापमान 22 से 35 डिग्री के बीच रहता है। यहां पर आप सनसेट के अद्भत नजारे के साथ बोटिंग का मजा ले सकते हैं। यहां का सबसे प्रमुख आकर्षण दलाई लामा का मंदिर है जहां शाक्य मुनि, अवलोकितेश्वर एवं पद्मसंभव की मूर्तियां विराजमान हैं।
मनाली
घूमने की बात हो और मनाली का नाम ना आए ऐसा हो ही नहीं सकता है। मई में घूमने के लिए हिमाचल के मनाली को आप अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। इस मौसम में यहां बर्फबारी नहीं होती, लेकिन मौसम सुहाना रहता है। नग्गर किला, अर्जुन केव्स और सोलांग घाटी मनाली के मुख्य आकर्षण हैं। इसके अलावा, मनाली में कई एडवेंचर स्पोर्ट्स का लुत्फ कम पैसों में उठाया जा सकता है। यहां पर ट्रेकिंग, राफ्टिंग, स्कीईंग, हाइकिंग और पैराग्लाइडिंग का मौका मिलता है। इस महीने में यहां का औसत तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है।
महाबलेश्वर
चिलचिलाती धूप और गर्मी से राहत के लिए महाराष्ट्र के महाबलेश्वर को आप अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। चारों तरफ से मनोरम दृश्यों से घिरे महाबलेश्वर में आपको घाटियां और हरियाली देखने को मिलेगी। सेंट्रल इंडिया के ‘क्वीन आॅफ हिल्स’ के नाम से मशहूर महाबलेश्वर को महाराष्ट्र के सबसे फेमस टूरिस्ट डेस्टिनेशन्स में से एक माना जाता है। यहां घूमने लायक जगहों में कृष्णाबाई मंदिर, पंचगंगा मंदिर, महाबलेश्वर मंदिर और शंकर मंदिर शामिल हैं। इसके अलावा, यहां हरे भरे घने जंगल और झरने का भी लुत्फ उठाया जा सकता है। साथ ही यह जगह अपने खूबसूरत स्ट्रॉबेरी फार्म के लिए भी जानी जाती है। गर्मियों में यहां का तापमान 20 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है।
तवांग
एडवेंचर पसंद लोगों के लिए अरुणाचल का तवांग बेस्ट जगहों में शामिल है। इसे हिंदुस्तान का अनोखा और असाधारण हिल स्टेशन कहा जाता है।
तवांग एक शांत इलाका है। यहां झरनों, मठों से लेकर एक्साइटिंग ट्रेक तक आपको उत्साह से भर देंगे। तवांग में ट्रेकिंग, हाइकिंग, स्किइंग और नेचर वॉकिंग का मजा उठा सकते हैं। यहां के मुख्य आकर्षणों में गोरीचेन चोटी, सेला दर्रा, तवांग मठ और नूरनांग वाटरफॉल शामिल हैं। अगर आप तवांग घूमने का मन बनाते हैं तो कभी निराश नहीं होंगे। तवांग में गर्मी बहुत ज्यादा नहीं पड़ती है। यहां का औसत तापमान 3 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है।
ऊटी
ऊटी नीलगिरि की पहाड़ियों में बसा तमिलनाडु का एक खूबसूरत पर्वतीय हिल स्टेशन है। अगर आप मई में घूमने का प्लान बना रहे हैं तो एक बार ऊटी जाना तो बनता है। यह जगह कॉफी और चाय के बागानों के लिए मशहूर है। इसके अलावा, यहां के पर्वत और ठंडी हवाएं आपको रोमांच से भर देंगी। ऊटी की झीलों में बोटिंग का भी लुत्फ उठाया जा सकता है। ऊटी रोज गार्डन में आप 20 हजार से अधिक किस्मों के फूल देख सकते हैं। ऊटी में आप नीडल व्यूप्वाइंट घूमने जा सकते हैं। इस दिलचस्प जगह से पहाड़ी पर बादल छूते हुए नजर आते हैं।
दार्जिलिंग
दार्जिलिंग पश्चिम बंगाल का एक खूबसूरत शहर है। इसकी खूबसूरती ऐसी है कि यह विदेशी पर्यटकों को भी अपनी ओर बरबस खींच लाती है। मई में घूमने के लिए यह जगह बेहतरीन विकल्प हो सकती है। दार्जिलिंग को चाय बागान, हिल स्टेशन और टॉय ट्रेन के लिए जाना जाता है। इसके अलावा, रिवर राफ्टिंग, जापानीज मंदिर, महाकाल मंदिर, दार्जिलिंग जू और दार्जिलिंग मॉल यहां के मुख्य आकर्षण के केंद्र हैं। अगर आप यहां घूमने का प्लान बना रहे हैं तो बरबतिया रॉक गार्डन जरूर जाएं। यहां तक पहुंचने का रास्ता काफी घुमावदार और ऊंचे-ऊंचे पर्वतों और जंगलों के बीच से होकर जाता है, जो पर्यटकों को बहुत पसंद आता है।
Arun kumar baranwal