November 14, 2024
जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। डीआरडीओ ने कीर्तिमान रच दिया। पहली बार लांग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया। इसकी जद में चीन-पाकिस्तान समेत कई पड़ोसी देश आ जाएंगे। इसके वार से ही दुश्मन देश कांप जाएंगे क्योंकि यह अमेरिका की टॉमहॉक क्रूज मिसाइल को कड़ी टक्कर देती है। भारत ने रक्षा क्षेत्र में एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। देश की इस सफलता से दुश्मनों के पसीने छूटना तय माना जा रहा है। डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट आगेर्नाइजेशन यानी डीआडीओ ने ओडिशा के तट पर चांदीपुर के इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज यानी आईटीआर से यह परीक्षण किया। यह लंबी दूरी की लैंड अटैक क्रूज मिसाइल यानी एलआरएलएसीएम का पहला उड़ान परीक्षण है। यह परीक्षण मोबाइल आर्टिकुलेटेड लॉन्चर से किया गया। परीक्षण के दौरान सभी सबसिस्टम उम्मीद के मुताबिक काम करते रहे और अपने मेन टारगेट को पूरा किया। मिसाइल के प्रदर्शन पर नजर रखने के लिए आईटीआरकी ओर से अलग-अलग जगहों पर रडार, इलेक्ट्रो-आप्टिकल ट्रैकिंग सिस्टम और टेलीमेट्री लगाए गए थे। इस दौरान कई रेंज सेंसर लगाए गए थे ताकि उड़ान पथ को पूरी तरह से कवर किया जा सके। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन के अनुसार यह 1,000 किलोमीटर से अधिक की रेंज वाली लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल है। इसकी सफलता के बाद भारत करीब 200 स्वदेशी मिसाइल को नेवी में शामिल कर सकता है। इस स्वदेशी मिसाइल की तुलना अमेरिका के टॉमहॉक क्रूज मिसाइल से की जा रही है। ऐसा इसलिए है क्योंकि इसके क्षमता जब बढ़ जाएगी तो यह मिसाइल 2,400 किलोमीटर यानी लगभग 1,500 मील की दूरी तक मार करने में सक्षम हो जाएगी। ऐसे में डीआरडीओ ने इनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए लगभग 20 अतिरिक्त परीक्षण उड़ानों की योजना बनाई है। जिसमें स्वदेशी रेडियो-फ्रीक्वेंसी के जरिए टर्मिनल होमिंग भी शामिल है। बता दें कि अमेरिका की टॉमहॉक क्रूज मिसाइल एक सटीक हथियार है जिसे जहाजों, पनडुब्बियों और जमीन से लॉन्च किया जा सकता है। इसकी रफ्तार 885 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसकी सटीकता लगभग 5 मीटर 16 फुट है। यह मिसाइल कम ऊंचाई पर चलती है, इसलिए इसे रडार और एयर डिफेंस सिस्टम नहीं भाप पाते। इसमें ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम लगा होता है, जिससे इसे बीच रास्ते में मोड़ा जा सकता है। यह मिसाइल पारंपरिक या परमाणु पेलोड ले जाई ज सकती है। यह मिसाइल एयरबेस पर खड़े लड़ाकू विमानों, ठिकानों, पेट्रोलियम भंडार, हथियारों के भंडार वगैरह को नष्ट कर सकती है। दूसरी ओर डीआरडीओ द्वारा विकसित भारत की लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल एक सुपरसोनिक मिसाइल है। फिलहाल यह मिसाइल एक हजार किलोमीटर से ज्यादा की दूरी पर चलते वॉरशिप, विमान, ड्रोन को मार गिराने में सक्षम होगी। यह मिसाइल ध्वनि की गति से अधिक गति से उड़ सकती है। जिससे यह दुश्मन की रक्षा प्रणालियों को चकमा दे सकती है। इसकी हमले की दूरी बहुत अधिक है। जिससे यह दुश्मन के ठिकानों को भी आसानी से निशाना बना सकती है। इसमें उन्नत गाइडेंस सिस्टम है जो इसे सटीकता से निशाना बनाने में मदद करता है।
Rajneesh kumar tiwari