जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। वे दो दिवसीय राजकीय दौरे पर भारत आए हैं। पीएम मोदी खुद उनकी अगवानी करने दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचे। ऐसा बहुत कम मौकों पर होता है, जब पीएम मोदी किसी मेहमान के स्वागत के लिए एयरपोर्ट जाते हैं। ऐसे में दिलचस्पी होती है कि आखिर अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी हैं कौन हैं? पीएम मोदी और कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी की मुलाकात दिल्ली के हैदराबाद हाउस में हुई। दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी से जुड़े अहम समझौते पर हस्ताक्षर भी हुए। यह समझौता आय पर करों के संबंध में दोहरे कराधान से बचने और राजकोषीय चोरी की रोकथाम के लिए एक संशोधित समझौते से जुड़ा है। शेख तमीम का भारत दौरा कतर और भारत के रिश्तों को और भी मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। 18 फरवरी को राष्ट्रपति भवन में उनके सम्मान में भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस यात्रा के दौरान कतर के अमीर और प्रधानमंत्री मोदी व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, संस्कृति और रणनीतिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय के अनुसार यह यात्रा दोनों देशों की बढ़ती बहुआयामी साझेदारी को और गति देगी। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उनसे मुलाकात की। विदेश मंत्रालय बताया कि अल-थानी प्रधानमंत्री मोदी के आमंत्रण पर भारत दौरे पर आए हैं। कतर के अमीर की भारत की यह दूसरी यात्रा है। इससे पहले वह मार्च 2015 में भारत आए थे। भारत और कतर के बीच मैत्री, विश्वास और पारस्परिक सम्मान पर आधारित गहरे ऐतिहासिक संबंध हैं। दोनों देशों के बीच हाल के वर्षों में व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी और संस्कृति समेत विभिन्न क्षेत्रों में संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। तमीम बिन अल-थानी की बात करें तो वे 44 वर्ष की आयु में कतर के सबसे युवा अमीर होने के साथ-साथ विश्व के सबसे युवा राष्ट्राध्यक्षों में से एक हैं। उन्होंने तीन शादियां की हैं और उनके 13 बच्चे हैं। उनके शासनकाल में कतर ने खेल और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। कतर के आर्थिक और राजनीतिक भविष्य के लिए तमीम की नेतृत्व क्षमता महत्वपूर्ण होती है। उन्हें 2003 में क्राउन प्रिंस नियुक्त किया गया। इसके बाद 2009 में उन्हें सेना में डिप्टी कमांडर इन चीफ का पद मिला। तमीम खेलों में गहरी रुचि रखते हैं। 2006 में कतर में आयोजित एशियन गेम्स के सफल आयोजन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस आयोजन ने उन्हें वैश्विक पहचान दिलाई। उनकी नेतृत्व क्षमता का एक और उदाहरण 2022 फीफा वर्ल्ड कप का कतर में सफल आयोजन रहा। कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी की संपत्ति बेहद शानदार है। उनके पास 100 कमरों का एक सोने से सजा महल है। जिसमें 500 गाड़ियों के खड़े होने के लिए पार्किंग उपलब्ध है। उनके पास 3000 करोड़ रुपये की कीमत वाला यॉट, एक फुटबॉल क्लब और अपनी निजी एयरलाइन भी है। यह संपत्ति एक धनकुबेर के साम्राज्य से कम नहीं मानी जाती। कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी और उनके परिवार की कुल संपत्ति लगभग 335 अरब डॉलर के आसपास है। यह परिवार दुनिया के सबसे अमीर शाही परिवारों में से एक है। शेख तमीम और उनका परिवार दोहा के रॉयल पैलेस में रहते हैं। जिसकी कीमत 1 अरब डॉलर के आसपास है। इस महल में 100 से ज्यादा कमरे हैं और इसमें शानदार सजावट भी की गई है। महल के कुछ हिस्सों में सोने की नक्काशी भी की गई है। कतर के अमीर के पास दुनिया का सबसे महंगा और शानदार यॉट है। जिसका नाम काटारा है। इस यॉट की कीमत 3.3 अरब रुपये है। इसके अलावा, कतर के अमीर की अपनी एयरलाइन भी है। जो केवल राज परिवार की सेवा करती है। कतर अमीरी एयरलाइन का संचालन 1977 से किया जा रहा है।
Rajneesh kumar tiwari