जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। भारत के पिनाका मल्टी बैरल की चर्चा दुनियाभर में हो रही है। साथ ही कई देश अब इसको खरीदने का विचार कर रहे हैं। इसमें फ्रांस का नाम भी शामिल हो गया है। फ्रांस के ब्रिगेडियर जनरल इस संबंध में भारत पहुंचे हैं। आर्मेनिया पहले ही पिनाका का आर्डर दे चुका है। भारत के मेक इन इंडिया की गूंज अब दुनियाभर में देखने को मिल रही है। रक्षा क्षेत्र में भारत कितनी तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है उससे पूरी दुनिया हैरान है। वर्तमान में भारत के हथियार और दूसरे सैन्य उपकरण दुनिया के 100 देशों को सप्लाई किए जा रहे हैं। इनमें से एक हथियार दुनिया को कुछ ज्यादा ही पसंद आ रहा है। इसका नाम पिनाका है। पिनाका मल्टी बैरल रॉकेट लॉन्चर है, जो 40 से 80 किलोमीटर की रेंज में मार करने में सक्षम है। फ्रांसीसी सेना के ब्रिगेडियर जनरल स्टीफन रिचौ भारत दौरे पर आए है। उनका यह दौरा भारत के पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम को खरीदने से संबंधित है। ब्रिगेडियर जनरल स्टीफन रिचौ का कहना है कि हम पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम का मूल्यांकन कर रहे हैं। हमें इस तरह के सिस्टम की जरूरत है। बता दें कि भारत का पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर सिस्टम एक शक्तिशाली स्वदेशी हथियार प्रणाली है। इसे भारतीय रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन डीआरडी ने बनाया है। इसकी गिनती दुनिया के सबसे आधुनिक और शक्तिशाली रॉकेट लॉन्चर सिस्टम में होती है। वैसे तो इसकी मारक क्षमता करीब 40-80 किलोमीटर तक है लेकिन इसके अपडेटेड वर्जन में यह रेंज 90 किलोमीटर तक बढ़ सकती है। इसकी लॉन्चिंग क्षमता बेहद तेज है। यह प्रणाली एक ही बार में 12 रॉकेट फायर कर सकती है। जिससे यह दुश्मन के क्षेत्र में बहुत कम समय में भारी तबाही मचा सकती है। सटीकता के लिए इसको एडवांस नेविगेशन सिस्टम से लैस किया गया है। जो इसे लक्ष्य पर सटीकता से वार करने में सक्षम बनाता है। इसके अलावा इसे कहीं भी आसानी से लगाया जा सकता है। यह एक मोबाइल सिस्टम है, जिसे ट्रकों पर भी लगाया जा सकता है। यह दुर्गम इलाकों में भी तेजी से मूव कर सकता है। इसकी खासियत युद्ध के मैदान में इसे बेहद प्रभावी बनाता है। पिनाका के नए संस्करण में कई प्रकार के रॉकेट्स और वॉरहेड्स का उपयोग किया जा सकता है। जिनमें से कुछ में विस्फोटक और कुछ में विध्वंसात्मक सामग्री होती है।फ्रांस के ब्रिगेडियर जनरल रिचौ से पहले फ्रांसीसी सेना के सेनाध्यक्ष जनरल पियरे शिल भी फरवरी में भारत आए थे। सेनाध्यक्ष ने पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में भारत के पिनाका मल्टीपल लॉन्च रॉकेट सिस्टम की ताकत देखी थी। उनकी मौजूदगी में राइजिंग सन आर्टिलरी ने पराक्रम का शानदार नजारा पेश किया था। स्वदेशी पिनाका लॉन्ग रेंज वेक्टर की गड़गड़ाहट की गूंज उस समय सारी दुनिया ने सुनी थी। स्ट्रेटेजिक प्रतिभा और अदम्य भावना का यह बेहतरीन प्रदर्शन दुनिया के लिए बड़ा संदेश है। यह भारतीय सेना और उभरती भारतीय डिफेंस इंडस्ट्री की ताकत को जाहिर करता है। बड़ी बात यह है कि फ्रांस से पहले पिनाका एमबीआरएल का आर्डर आर्मेनिया दे चुका है। इसके अलावा कई अन्य देश इसमें रुचि दिखा रहे हैं। बता दें कि मोदी सरकार के 2014 से सत्ता में आने के बाद से भारत का रक्षा निर्यात तीन गुना निर्यात बढ़ गया है।
Rajneesh kumar tiwari