November 29, 2024
नई दिल्ली। अभिनेता अनिल कपूर की फिल्म मिस्टर इंडिया आपने जरूर देखी होगी। जिसमें एक गैजेट की मदद से अनिल कपूर गायब हो जाते हैं, जो एक कल्पना थी। लेकिन अब यह कल्पना हकीकत में बदलने जा रही है। भारत ने एक ऐसा कपड़ा तैयार किया है जिससे सैनिक से लेकर विमान तक सब गायब हो जाएंगे। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आईआईटी के साइंटिस्टों ने इस तरह के मैटेरियल का कपड़ा विकसित किया है जिसके पीछे जाते ही कोई भी चीज अदृश्य हो जाएगी। अगर इस महा-मैटेरियल का इस्तेमाल भारतीय सेना करने लगे तो हमारे सैनिक अदृश्य हो जाएंगे। साथ ही उनके पास जो भी हथियार है वह भी दुश्मन की पकड़ में नहीं आएगा। यहां तक की लड़ाकू विमानों और ड्रोन्स को भी दुश्मनों से बचाया जा सकता है। दरअसल, साइंटिस्टों द्वारा विकसित किया गया यह एक मेटामैटेरियल सरफेस क्लोकिंग सिस्टम है। इस कपड़े का फायदा ये है कि ये न तो दुश्मन की राडार की पकड़ में आता है और न ही कोई सैटेलाइट इसका पता लगा सकती है। इतना ही नहीं, इसे इंफ्रारेड कैमरा, वूंड सेंसर्स और थर्मल इमेजर से भी नहीं देखा जा सकता है। यानी मैटेरियल के पीछे क्या है किसी को पता ही नहीं चल पाएगा। इस कपड़े से सैन्य गाड़ियों के कवर, सैनिकों के यूनिफॉर्म और एयरक्राफ्ट का कवर बनाया जा सकता है। यह विदेशी सरफेस क्लोकिंग सिस्टम से 6-7 गुना ज्यादा सस्ता है। इस महा-मैटेरियल को आईआईटी कानपुर में हुए डिफेंस स्टार्टअप प्रदर्शनी में दिखाया गया था। इसे आईआईटी के तीन साइंटिस्ट प्रो. कुमार वैभव श्रीवास्तव, प्रो. एस अनंत रामकृष्णन और प्रो. जे. रामकुमार ने मिलकर विकसित किया है। इसका पेटेंट हासिल करने के लिए 2018 में आवेदन किया गया था। जो अब इन्हें मिल चुका है। साइंटिस्ट इस विशेष तकनीक का ट्रायल बीते छह वर्षों से भारतीय सेना के साथ कर रहे हैं। साइंटिस्टों का दावा है कि अप्रूवल मिलने पर इस मैटेरियल को भारतीय सेना को एक साल के अंदर दिया जा सकता है। आईआईटी कानपुर के डायरेक्टर प्रो. मनिंद्र अग्रवाल ने इस महा-मटेरियल का उद्घाटन किया है। इस मौके पर प्रो. कुमार वैभव ने बताया कि हमने 2010 में इस पर काम करना शुरू किया था। इसके बाद दोनों प्रोफेसर हमारे साथ जुड़ गए। फिर हमने मिलकर एक प्रोडक्ट तैयार किया। 2019 में हमें पता चला कि भारतीय सेना ऐसी तकनीक खोज रही है जिससे दुश्मन के रडार को चकमा दिया जा सके। फिर हमने इस मैटेरियल को तैयार किया। यह दुश्मन के रडार, सैटेलाइट, इंफ्रारेड कैमरा, ग्राउंड सेंसर और थर्मल इमेजर को धोखा दे सकता है।
Arun kumar baranwal