May 24, 2024
संवाददाता बदायूं। मनोरंजन उद्योग से दुखद खबर सामने आई है। कई फिल्मों और सीरियलों में शानदार अभिनय करने वाले सुपरस्टार अमिताभ बच्चन के डुप्लीकेट फीरोज खान का निधन हो गया। अमिताभ बच्चन की मिमिक्री के लिए फिरोज खान को जाना जाता है। इसलिए उन्हें डुप्लीकेट अमिताभ बच्चन कहा जाता है। टीवी शो में अपने शानदार अभिनय के जरिए लोगों को हंसाने वाले फीरोज खान अब हमारे बीच नहीं रहे। बता दें कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। उनके आकस्मिक निधन से फैंस और सहकर्मी काफी दुखी हैं और सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने बदायूं क्लब में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में अंतिम प्रस्तुति दी थी। बदायूं क्लब ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी। उनकी बेटी और बेटा के आने के बाद शव दफन किया जाएगा। फिरोज खान का टेलीविजन और फिल्मों में लंबा करियर था लेकिन उन्हें असली पहचान कॉमेडी शो भाबीजी घर पर हैं से मिली। इसके अलावा, वह जीजा जी छत पर हैं, साहेब बीबी और बॉस में अभिनय किया है। इसके अलावा हप्पू की उलटन पलटन और शक्तिमान जैसे अन्य लोकप्रिय शो में दिखाई दिए। साथ उन्होंने कई फिल्मों में दर्शकों का मनोरंजन किया और अदनान सामी के गाने थोड़ी सी तू लिफ्ट करा दे के सुपरहिट संगीत वीडियो में अभिनय किया। बता दें कि यूपी बदायूं शहर के मोहल्ला कबूलपुरा में छोटे सरकार दरगाह मार्ग पर रहने वाले फीरोज खान 27 साल पहले मुंबई गए थे। उन्होंने बॉलीवुड अभिनेता दिलीप कुमार, शाहरुख खान, धर्मेंद्र, सनी देयोल की आवाज में प्रस्तुति दी थी। लोगों ने उनकी आवाज को खूब सराहा। अपने लुक और अदाकारी के चलते बॉलीवुड मे उन्हें डुप्लीकेट अमिताभ बच्चन कहा जाता था। उन्हें सदी के महानायक का डुप्लीकेट यूं ही नहीं कहा जाता था। फिरोज का टैलेंट ऐसा था, जिसकी तारीफ करने से खुद को कोई भी रोक नहीं पाता था। वे वह कुछ समय पहले बदायूं स्थित अपने घर पर आए थे। यहां कई आयोजन में शिरकत की। फीरोज खान सोशल साइट्स पर एक्टिव रहते थे। चार मई को बदायूं क्लब में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने मतदान के प्रति लोगों को जागरूक किया था। वे रात लगभग डेढ़ बजे तक एक होटल के बाहर लोगों के साथ बैठे। जिसके बाद घर चले गए थे। तड़के उन्हें घबराहट होने लगी। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में लाबेला चौक के पास उन्होंने दम तोड़ दिया। फिरोज खान के निधन पर दीपिका कक्कड़ और शोएब इब्राहिम जैसी मशहूर हस्तियों ने उन्हें इंस्टाग्राम पर फॉलो किया। उनके निधन की खबर ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। परिजनों के अनुसार उनका बेटा मुंबई में शिक्षक और बेटी दूसरे देश में रहती हैं।
Rajneesh kumar tiwari