नई दिल्ली। इस बार लोकसभा का चुनाव कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। इस चुनाव में आयोग ने जहां नेताओं पर सबसे ज्यादा सख्ती दिखाई है वहीं मतदाताओं को सबसे ज्यादा सहूलियत दी हैं। साथ ही इस चुनाव में पीएम मोदी देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ेंगे जिसे आज तक कोई भी राजनीतिक दिग्गज तोड़ नहीं सका है। चुनाव की तारीखों से लेकर राजनीतिक अखाड़े तक पर पढ़िए जनप्रवाद की लोकसभा चुनाव 2024 पर खास रिपोर्ट।
जनादेश की गवाह बनेंगी तारीखें
लोकतांत्रिक देशों में चुनाव महज प्रक्रिया नहीं होती है बल्कि यह जन मानस की आशाओं का वह प्रतिबिंब है जिसमें वह अपने भविय की इच्छाओं को पूर्ण होते देखना चाहता है। आम आदमी उस सरकार को चुनना चाहता है जो उसकी इच्छाओं के सापेक्ष काम कर सके। यह चुनाव न केवल देश के भविष्य, बल्कि राजनीति की दशा-दिशा के लिए भी अहम होगा। 16 मार्च को चुनाव आयोग ने आम आदमी को एक बार फिर अपनी सरकार चुनने का मौका देते हुए लोकसभा और विधानसभा की चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने घोषणा की कि देश में आम चुनाव 7 चरणों में होंगे। चुनाव की प्रक्रिया 19 अप्रैल से शुरू होकर 1 जून तक चलेगी। वहीं जबकि मतगणना 4 जून को होगी। देश के तीन ऐसे राज्य होंगे जहां सभी सातों चरणों में मतदान होगा। इन राज्यों में यूपी, बिहार और पश्चिम बंगाल शामिल है।
समझें चुनावी चरणों का अंकगणित
-पहले चरण में 19 अप्रैल को 21 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की 102 सीटों पर वोटिंग होगी। इसके साथ ही 10 राज्यों में चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
- दूसरे चरण में 26 अप्रैल को 13 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की 89 सीटों पर मतदान होगा। इसके साथ ही चार राज्यों में मतदान प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
- तीसरे चरण में 7 मई को 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 94 सीटों पर मतदान होगा। इसके साथ ही 6 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान संपन्न हो जाएगा।
- चौथे चरण में 13 मई को 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 96 सीटों पर मतदान होगा। इसके साथ ही तीन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान पूरा हो जाएगा।
- पांचवें चरण में 20 मई को 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 49 सीटों पर वोटिंग होगी. इसके साथ ही तीन और राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान संपन्न हो जाएगा।
- छठे चरण में 25 मई को 7 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की 57 सीटों पर मतदान होगा। इस चरण के साथ दो और राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान संपन्न हो जाएगा।
- सातवें और अंतिम चरण में 1 जून को 8 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की 57 सीटों पर वोटिंग होगी। इसके साथ ही 8 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
पहला चरण
मतदान: 19 अप्रैल
राज्य: 21
लोकसभा सीटें: 102
--
दूसरा चरण
मतदान: 26 अप्रैल
राज्य: 13
लोकसभा सीटें: 89
--
तीसरा चरण
मतदान: 7 मई
राज्य: 12
लोकसभा सीटें: 94
--
चौथा चरण
मतदान: 13 मई
राज्य: 10
लोकसभा सीटें: 96
---
पांचवां चरण
मतदान: 20 मई
राज्य: 8
लोकसभा सीटें: 49
--
छठा चरण
मतदान: 25 मई
राज्य: 7
लोकसभा सीटें: 57
--
सातवां चरण
मतदान: 1 जून
राज्य: 8
लोकसभा सीटें: 57
नतीजे: 4 जून 2024
Rajneesh kumar tiwari