जनप्रवाद ब्यूरो, नई दिल्ली। हम सबने किताबों में पढ़ा है कि धरती अपनी धुरी पर घूमती रहती है। क्या आपने इसका सबूत कभी देखा है? अब जो वीडियो सामने आया है उसमें आप खुद धरती को 360 डिग्री घूमते हुए देख सकते हैं। अपने देश में धरती को सिर्फ प्राकृतिक रचना नहीं बल्कि मां जैसा सम्मान दिया जाता है। इसकी वजह ये भी है कि हमें धरती से ही सारी चीजें खाने-पीने और रहने के लिए मिलती हैं। ऐसे में इसकी पूजा की जाती है। इसके प्रति सम्मान जाहिर किया जाता है। विज्ञान की मानें तो धरती अपनी धुरी पर घूमती रहती है और इससे जुड़ी एक-एक चीज वैज्ञानिक है। सोशल मीडिया पर ऐसे ही वीडियो वायरल हो रहे हैं। जिनमें धरती घूमती हुई दिखाई दे रही है। ये एक टाइमलैप्स वीडियो है। यह बेहद अद्भुत लग रहा है। इसे भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान, बेंगलुरुमें इंजीनियर दोरजे अंगचुक ने रिकॉर्ड किया है। उन्होंने इसे सोशल मीडिया साइट एक्स पर शेयर किया है। इसमें एक कैमरे को स्टेब्लाइज कर पूरे रोटेशन को कैप्चर किया गया है। विज्ञान और खासकर स्पेस में दिलचस्पी रखने वालों के लिए वीडियो कमाल का है। वीडियो में आप देखेंगे कि कैसे दिन से रात और रात से दिन हुआ और धरती सारे 360 डिग्री पर घूम गई। इंजीनियर दोरजे अंगचुक ने का कहना है कि शुरूआत में वो ओरियन नक्षत्र को रिकॉर्ड करना चाहते थे। उनकी भौगोलिक स्थिति के हिसाब से यह नक्षत्र बहुत ऊंचाई पर था। इसके अलावा लद्दाख की ठंड ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दिया था। ठंड की वजह से कैमरे की बैटरियां जल्दी खत्म हो जाती थीं और बाकी उपकरण भी इस वातावरण के लिए अनुकूल नहीं थे। चार रातों तक उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। कभी उनके कैमरे का स्टोरेज कम पड़ गया तो कभी बैटरी खत्म हो जाती थी। कभी टाइमर की खराबी होती थी। दोर्जे ने लिखा कि हर चुनौती से हमने नए सबक लिए और अपने सेटअप में लगातार सुधार लाते रहे। मोशन ट्रैकर और मोबाइल कंट्रोल्स की मदद से उन्होंने आखिरकार पृथ्वी के घूमने का एक वीडियो तैयार कर लिया। दोर्जे का कहना है कि इस वीडियो के बेस्ट एक्सपीरियंस के लिए इसे लूप मोड और फुल स्क्रीन पर देखना चाहिए। ताकि हम बड़े और न बदलने वाले आकाश के नीचे पृथ्वी के घूमने को स्पष्ट रूप से देख सकें। इस वीडियो के साथ कैप्शन दिया गया है तारे ठहरे रहते हैं लेकिन धरती कभी भी घूमना बंद नहीं करती। मेरा उद्देश्य 24 घंटे के टाइमलैप्स को रिकॉर्ड करना था। जिसमें दिन से रात और रात से दिन हो रहा हो। वीडियो पर कमेंट करते हुए यूजर्स ने कहा कि ये अद्भुत है। वहीं कुछ यूजर्स ने जानना चाहा कि कैमरे को किस तरह से फिक्स किया गया कि धरती के साथ घूमा नहीं। इसके जवाब में बताया गया कि धरती अपोजिट रोटेशन में एक ट्रैकर पर फिक्स किया गया था। बता दें कि पृथ्वी पर जीवन पनपने की गुत्थी वैज्ञानिकों के लिए एक बहुत बड़ी लेकिन अहम पहेली है। जीवन के रहस्य जानकर वैज्ञानिक कई समस्याएं सुलझा सकते हैं। वे ये भी जानना चाहते हैं कि किन किन चीजों की वजह से पृथ्वी पर जीवन पनप सकता है। इससे उनकी पृथ्वी के बाहर जीवन की तलाश आसान हो सकती है। इसके अलावा भविष्य में किसी ऐसे ग्रह की खोज भी आसान हो पाएगी, जहां जीवन हो सकता है। यह स्टडी इस दिशा में वैज्ञानिकों की पहली को सुलझाने में मदद कर सकती है।
Rajneesh kumar tiwari