September 2, 2024
नई दिल्ली। हमारी पृथ्वी अनेक रहस्यों से भरी है। इन रहस्यों पर वैज्ञानिक वर्षों से शोध कर रहे हैं। इसी बीच ऑस्ट्रेलिया के वैज्ञानिकों ने पृथ्वी के केंद्र में अनोखी चीज खोजने का दावा किया है। पृथ्वी की सतह के हजारों किलोमीटर नीचे मिली इस चीज को देखकर वैज्ञानिक हैरान हैं। आस्ट्रेलियन नेशनल यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों ने पृथ्वी के केंद्र के करीब एक नई आकृति का पता लगाया है। यह गोल छल्ले के आकार की आकृति है। वैज्ञानिकों के अनुसार, छल्लेदार आकृति वाला क्षेत्र भूमध्य रेखा के समानांतर मौजूद है। यह क्षेत्र पृथ्वी के तरल कोर के भीतर है, जो हमारे ग्रह की चुंबकीय क्षेत्र की गतिशीलता के बारे में नई जानकारी प्रदान करता है। वैज्ञानिकों ने इसे डोनट के आकार का बताया है, जो गोल आकार का होता है और उसके बीच में छेद होता है। साइंस एडवांसेज में प्रकाशित शोध के अनुसार, पृथ्वी की दो कोर परतें हैं। आतंरिक कोर जो एक ठोस परत है और बाहरी कोर जो एक तरल है। पृथ्वी के कोर के चारों ओर मेंटल है। नई खोज में छल्लेदार आकार का क्षेत्र पृथ्वी के बाहरी कोर के शीर्ष पर है, जहां तरल कोर मेंटल से मिलता है। पृथ्वी के तरल कोर के भीतर की संरचना केवल कम अक्षांशों पर पाई जाती है। शोधकर्ताओं की टीम ने अध्ययन में भूकंपों से पैदा होने वाली तरंगों का विश्लेषण किया है। शोध में शामिल प्रोफेसर वोजे टकालसिक के अनुसार, ये तरंगें पृथ्वी के अंदर से होकर गुजरती हैं, जिससे वैज्ञानिकों को इसकी आंतरिक संरचना की जानकारी मिलती है। शोध टीम ने इस बात पर ध्यान केंद्रित किया कि तरल कोर के बाहरी हिस्से और मेंटल के बीच से गुजरती भूकंपीय तरंगें कैसे धीमी हो रही हैं। वैज्ञानिकों ने उन तरंगों के रास्ते और गुजरने के समय का अवलोकन किया और पृथ्वी के बाहरी कोर के माध्यम से तरंगों की यात्रा को दोबारा तैयार किया। वैज्ञानिकों के अनुसार, तरंगों की गति धीमी होने से इसके बाहरी कोर के भीतर भूमध्य रेखा के समानांतर केंद्रित छल्लेदार आकार के क्षेत्र का पता चला। वैज्ञानिकों ने तुरंत भूकंप का अवलोकन करने की जगह झटकों के कई घंटों बाद तरंगों के बीच समानता का विश्लेषण किया। अध्ययन में उन्होंने पाया कि यह खोज पृथ्वी के चुंबकीय क्षेत्र की गतिशीलता के कुछ रहस्यों को उजागर करती है। वैज्ञानिकों ने पृथ्वी के इन रहस्यों पर और अधिक शोध करने की जरूरत पर बल दिया।
Arun kumar baranwal