नई दिल्ली। प्राचीन मिस्र की सभ्यता को दुनिया की सबसे पुरानी और समृद्ध सभ्यताओं में से एक माना जाता है। यह सभ्यता अपनी अद्वितीय वास्तुकला, धार्मिक मान्यताओं और सामाजिक संगठन के लिए प्रसिद्ध है। शोधकर्ताओं ने अब प्राचीन मिस्र के लोगों पर किए गए नए शोध में बड़े रहस्य से पर्दा उठाया है। प्राचीन मिस्र की सभ्यता का विकास लगभग 3100 ईसा पूर्व नील नदी के किनारे हुआ। मिस्रवासियों वहां पिरामिडों, मंदिरों और विशाल मूर्तियों का निर्माण किया था, जिनमें गीजा के महान पिरामिड और स्फिंक्स प्रमुख हैं। दक्षिण फ्लोरिडा विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने प्राचीन मिस्र के लोगों के खानपान और रहन-सहन पर नई खोज की है। जिसमें उन्होंने पाया कि प्राचीन मिस्रवासी एक नशीले पेय का इस्तेमाल करते थे, जो तरल पदार्थ, शराब और नशीली दवाओं का मिश्रण होता था। शोधकर्ताओं की टीम ने तंबा कला संग्रहालय में रखे एक 2,000 साल पुराने मग का विश्लेषण किया। जिसमें उन्हें मग के अंदर के स्क्रैपिंग में रासायनिक घटकों की पुष्टि हुई। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि इस पेय पदार्थ का इस्तेमाल धार्मिक और जादुई रस्मों में भी किया जाता था। इस मग पर बेस देवता का चित्र बना हुआ है। बता दें कि प्राचीन मिस्र में बेस देवता की पूजा अपनी सुरक्षा, बच्चे की चाह, बीमारियों के इलाज और जादुई शुद्धि के लिए की जाती थी। शोधकर्ताओं ने केमिकल डायलिसिस तकनीक का उपयोग करके मग के अंदर के अवशेषों का अध्ययन किया। उन्होंने पाया कि मग के अंदर शारीरिक द्रव, नशीले पदार्थ और शराब के अंश मौजूद हैं। अध्ययन से पता चला कि प्राचीन मिस्र वासियों का जीवन जितना माना जाता रहा है, उससे कहीं ज्यादा रहस्यमयी था। शोधकर्ताओं की यह खोज प्राचीन मिस्र के धार्मिक और सांस्कृतिक जीवन पर नई रोशनी डालती है, जिसमें दुनियाभर के अध्ययनकर्ताओं की हमेशा से रूचि रही है। शोधकर्ताओं की टीम के सदस्य डेविड तानासी के अनुसार, अभी तक किसी भी अध्ययन में इस तरह की जानकारी सामने नहीं आई है। पहली बार रिसर्च टीम तरल मिश्रण के सभी घटकों के रासायनिक संकेतों की पहचान करने में सफल हुई है। इस शोध में उन्होंने मिस्र वासियों के उपयोग में रहे पौधों को भी शामिल किया, जिनमें सभी साइकोट्रॉपिक और औषधीय गुण मौजूद हैं। तानासी के अनुसार, यह शोध प्राचीन मिस्र के धर्म और संस्कृति के बारे में हमारी समझ को गहरा करता है। इसने दुनियाभर के पुरातत्वविदों का ध्यान प्राचीन मिस्र के रहस्यों की तरफ एक बार फिर से खींचा है।
Arun kumar baranwal