November 4, 2024
नई दिल्ली। दीपावली के त्यौहार पर लोगों ने फुलझड़ी, फटाखे और आतिशबाजी का खूब मजा लिया। दीपावली के बाद अब आप आसमान में एक और आतिशबाजी देखने के लिए तैयार हो जाइये। क्योंकि आज रात टॉरिड्स उल्का बौछार चरम पर पहुंचकर उल्कापात करेगा, जिससे शानदार नजारा दिखाई देगा। खगोलविदों ने नवंबर में अंतरिक्ष में तमाम आकर्षक घटनाएं होने का दावा किया है। जिसमें आसमान में आतिशबाजी से लेकर सुपरमून तक की घटनाएं शामिल हैं। जिसे देखने का लुत्फ उठाया जा सकता है। खगोलविदों के अनुसार, 4 नवंबर यानी आज की रात टॉरिड्स उल्का बौछार उल्कापात के बेहतरीन नजारे पेश करेगी। टॉरिड्स अपनी धीमी गति से चलने और चमकीले आग के गोले के लिए जाने जाते हैं। ये चमकीले गोले आज की रात अपने चरम पर होंगे। इसके अलावा, 15 नवंबर को इस साल का अंतिम सुपरमून नजर आने वाला है। इस दौरान पृथ्वी और चांद की दूरी चार लाख 6 हजार किलोमीटर के मुकाबले 45 हजार किलोमीटर कम हो जाएगी। यानी चांद लगभग 4 लाख 61 हजार किलोमीटर की दूरी पर नजर आएगा। इस दौरान व सामान्य से करीब 8 प्रतिशत बड़ा होगा और 14 प्रतिशत ज्यादा चमकीला दिखाई देगा। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए यह इस साल का सबसे बढ़िया समय होगा। खगोदविदों के अनुसार, 16 नवंबर को सूर्यास्त के बाद बुध ग्रह पश्चिमी आकाश में क्षितिज के ऊपर सबसे उच्चतम बिंदु पर होगा। इस दौरान इसे अधिक समय तक देखा जा सकता है। इसके अलावा, 17 और 18 नवंबर को लियोनिड्स उल्कापात होगा। इस दौरान यह अपने चरम पर पहुंचेगा और आसामन बेहतरीन नजारा दिखाई देगा। 17 नवंबर को यूरेनस देखने का सुनहरा मौका होगा। इस दिन पृथ्वी और यूरेनस के बीच की दूरी कम होती नजर आएगी। बता दें कि पृथ्वी और यूरेनस के बीच की दूरी करीब 3 अरब 20 करोड़ किलोमीटर होती है। लेकिन 17 नवंबर को यह दूरी 60 करोड़ किलोमीटर कम हो जाएगी। यह करीब 2 अरब 60 करोड़ किलोमीटर पर दिखाई देगा। इस दौरान रात के समय यह ग्रह पृथ्वी के सबसे करीब और सूर्य के प्रकाश से पूरी तरह प्रकाशित होगा। देखा जाए खगोलीय घटनाओं में दिलचस्पी रखने वालों के लिए नवंबर माह बेहद रोमांचित करने वाला है। दूरबीन, कैमरा और विभिन्न उपकरणों का उपयोग कर आकाश की गहराइयों में शानदार नजारे को देखा जा सकता है।
Arun kumar baranwal