December 2, 2024
नई दिल्ली। मंगल ग्रह पर बसने का सपना दुनिया के कई देश सदियों से देखते आ रहे हैं। इस ग्रह तक पहुंचने में लगने वाला समय वैज्ञानिकों के लिए सबसे बड़ी चुनौती रही है। लेकिन अब मंगल पर जल्द पहुंचने का सपना साकार होने वाला है। स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क के दावे ने अंतरिक्ष समुदाय में उत्साह पैदा कर दिया है। स्पेसएक्स कंपनी के सीईओ एलन मस्क अपने फैसलों से दुनिया को चौंकाते आए हैं। अब उनकी कंपनी ने एक ऐसा महत्वपूर्ण कदम उठाया है जो अंतरिक्ष की दुनिया में नई क्रांति ला सकता है। दरअसल, स्पेसएक्स ने एक ऐसा अत्याधुनिक और शक्तिशाली रॉकेट स्टारशिप विकसित किया है, जो इंसान को सिर्फ 90 दिन में ही मंगल ग्रह तक पहुंचा सकता है। बता दें कि मौजूदा समय में मंगल ग्रह तक पहुंचने में छह से नौ माह का समय लगता है, लेकिन स्पेसएक्स ने इस लंबी अवधि को पहले की तुलना में बहुत कम कर दिया है। स्पेसएक्स के अनुसार, मंगल पर पहुंचने का समय घटाने के लिए स्टारशिप को अत्यधिक गति प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। पूरी तरह फ्यूल से भरा यह स्पेसक्राफ्ट 36,000 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से यात्रा करने में सक्षम है। इसकी अभूतपूर्व स्पीड के चलते पृथ्वी और मंगल के बीच की दूरी केवल 45 से 90 दिनों के भीतर तय की जा सकेगी। पारंपरिक रॉकेटों की तुलना में समय बचाने के मामले में स्पेसएक्स की यह बड़ी उपलब्धि है। कंपनी की यह परियोजना एलन मस्क के उस सपने का हिस्सा है, जिसमें वह मंगल ग्रह पर इंसानी बस्ती बसाने का सपना देख रहे हैं। कंपनी के अनुसार, शक्तिशाली स्टारशिप को इस तरह से डिजाइन किया गया, जिससे इसका इस्तेमाल दोबारा किया जा सके। इसका बार-बार उपयोग किए जाने से अंतरिक्ष मिशन की लागत में भारी कमी आएगी। यह रॉकेट न केवल यात्रियों बल्कि भारी मात्रा में सामान ले जाने में भी सक्षम है, जो मंगल पर स्थायी बस्ती बसाने के लिए महत्वपूर्ण होगा। यात्रा के दौरान स्टारशिप में ऑर्बिट रिफ्यूलिंग की सुविधा होगी, जिससे रॉकेट को लंबी दूरी तक जाने के लिए ऊर्जा मिल सकेगी। यात्रा के दौरान स्टारशिप के साथ ईंधन टैंकर भी भेजे जाएंगे। जो मुख्य अंतरिक्ष यान में बीच में ईंधन भरने का काम करेंगे। दरअसल, एलन मस्क मंगल ग्रह को मानवता का दूसरा घर बनाना चाहते हैं। मस्क का कहना है कि मंगल पर इंसानी बस्ती बसाना न केवल एक रोमांचक सपना है बल्कि यह हमारी प्रजाति के अस्तित्व के लिए भी जरूरी है। उनकी योजना अगर सफल होती है, तो यह अंतरिक्ष यात्रा के तरीके को पूरी तरह बदल देगी। इससे मानवता के लिए अन्य ग्रहों पर बसने की संभावनाएं साकार हो सकती हैं। उनकी योजनाएं न केवल तकनीकी रूप से महत्वाकांक्षी हैं, बल्कि यह मानवता को पृथ्वी से परे बसने में सक्षम बनाने की दिशा में एक बड़े कदम के तौर पर देखी जा रही है।
Arun kumar baranwal