यदि आपको अंतरिक्ष और ग्रहों के बारे में जानने की रुचि है तो यह खबर आपके लिए है। अगले सप्ताह ऐसा चमत्कार होने वाला है जिसे देखकर आप दंग रह जाएंगे। धरती से सौरमंडल का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। तो इसे देखने के लिए आप अच्छी किस्म की दूरबीन लेकर तैयार हो जाइए।
सीधी रेखा में नजर आएंगे 6 ग्रह
खगोलविदों ने आसमान में एक दुर्लभ नजारे को लेकर दुनिया को आगाह किया है। उनका कहना है कि आने वाली 3 जून को सौर मंडल के 6 ग्रह एक सीधी रेखा में नजर आएंगे। खास बात यह है कि इस अद्भुत नजारे को धरती से देखा जा सकेगा। रिपोर्ट के अनुसार, ग्रहों की इस परेड में बुध, मंगल, बृहस्पति, शनि, नेपच्यून और यूरेनस शामिल होंगे। ऐसा तभी होता है, जब सारे ग्रह सूर्य के एक ही ओर जमा हो जाते हैं।
ग्रहों को देखने के लिए दूरबीन जरूरी
वारविक विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डैनी स्टीघ ने बताया कि यह दुर्लभ नजारा दुनिया के हर कोने से दिखाई देगा। जो सूर्योदय के आसपास देखने को मिलेगा। उन्होंने आसमान में इस दुर्लभ नजारे को ठीक से देखने के लिए कुछ उपकरणों की जरूरत बताई है। उन्होंने कहा कि यूरेनस और नेपच्यून धुंधले नजर आएंगे, बृहस्पति और बुध की सूर्य से निकटता के कारण उनकी चमक काफी कम दिखाई देगी। इसलिए ग्रहों को देखने के लिए अच्छी किस्म की दूरबीन की जरूरत है।
नासा के मोबाइल ऐप की लें मदद
खगोलविदों का कहना है कि हो सकता है कि कुछ ग्रह नंगी आंखों से दिखाई दें, लेकिन बिखरी हुई रोशनी मुश्किलें पैदा कर सकती हैं। उनका कहना है कि मंगल और शनि को देखना ज्यादा आसान होगा। नासा का मोबाइल ऐप यह बताने में मदद कर सकता है कि इसे कब और कहां से देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि सभी ग्रह एक सीध में दिखाई देंगे, जिसमें शनि सबसे ऊपर रहेगा। उसके बाद नेपच्यून, फिर मंगल, यूरेनस और बुध होंगे। इसमें बृहस्पति क्षितिज के सबसे करीब दिखाई देगा।
कई दिनों तक दिखेगा नजारा
खगोलविदों ने बताया कि हम सूर्य को दोनों गोलार्धोंमें देखते हैं और यह ग्रह सूर्य से बहुत अधिक दूर नहीं हैं। इसीलिए साउथ के देशों में रहने वाले लोगों को इस दुर्लभ नजारे को देखने का सबसे ज्यादा मौका होगा। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि ग्रहों की यह परेड एक दिन या एक पल के लिए नहीं होगी, बल्कि कई दिनों तक यह नजारा आपको देखने को मिलेगा। खगोलविदों ने दावा किया है कि अगस्त और जनवरी 2025 में भी इन्हें आप देख पाएंगे। इसके बाद अगले साल फरवरी में सात ग्रह एक सीध रेखा में नजर आएंगे।
Arun kumar baranwal