- Home
- टेक्नोलॉजी
- चांद पर घर बसाने का सपना होगा साकार, स्टारशिप का परीक्षण सफल
June 7, 2024
एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। कंपनी ने चांद-मंगल मिशन के लिए दुनिया के सबसे ताकतवर व्हीकल स्टारशिप का चौथा परीक्षण किया, जो कामयाब रहा। अब वह दिन दूर नहीं जब इंसान का मंगल पर घर बसाने का सपना साकार हो जाएगा।
एलन मस्क ने वीडियो किया शेयर
स्पेसएक्स ने टेक्सास के बोका चिका से स्टारशिप का सफल परीक्षण किया। परीक्षण के दौरान स्टारशिप को अंतरिक्ष में ले जाने के बाद वापस पृथ्वी पर लाया गया। टेस्ट फ्लाइट के बाद इसे हिंद महासागर में सफलतापूर्वक गिराया गया। स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने सोशल मीडिया पर परीक्षण का वीडिया साझा कर इसे कामयाब बताया है। उन्होंने कहा कि यह दूसरे ग्रह पर घर बसाने की दिशा में बड़ा कदम है।
मस्क ने स्पेसएक्स टीम को बधाई दी
मस्क ने अपनी पोस्ट में इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए स्पेसएक्स टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि कई टाइलों के नुकसान और एक डैमेज्ड फ्लैप के बावजूद स्टारशिप ने समुद्र में सॉफ्ट लैंडिंग की राह सफलतापूर्वक तय कर ली है। उन्होंने कहा कि इस बार के टेस्ट में यह देखना था कि स्टारशिप पृथ्वी के वातावरण में एंट्री के दौरान सर्वाइव कर पाता है या नहीं। लेकिन इस बार उसकी पानी में लैंडिंग सक्सेसफुल रही।
150 मीट्रिक टन भार ले जाने में सक्षम रॉकेट
दुनिया के सबसे अमीर मस्क की कंपनी स्पेसएक्स ने स्टारशिप रॉकेट को तैयार किया है। बता दें कि, स्टारशिप स्पेसक्राफ्ट और सुपर हैवी बूस्टर को कलेक्टिवली ‘स्टारशिप’ कहा जाता है। इस व्हीकल की ऊंचाई 397 फीट है। यह पूरी तरह से रीयूजेबल है। स्टारशिप में 6 रैप्टर इंजन लगे हैं, जबकि सुपर हैवी में 33 रैप्टर इंजन है। यह अपने साथ 150 मीट्रिक टन भार ले जाने में सक्षम है। कंपनी ने बताया कि स्टारशिप 100 लोगों को एक साथ मंगल ग्रह पर ले जाने में सक्षम है।
चौथे प्रयास में स्पेसएक्स को मिली कामयाबी
बता दें कि स्टारशिप का पहला टेस्ट 20 अप्रैल 2023 को किया गया था। तब उड़ान भरने के चार मिनट बाद इसमें विस्फोट हो गया था और यह मेक्सिको की खाड़ी में गिर गया था। वहीं, दूसरा टेस्ट 18 नवंबर 2023 को किया गया था, तब यह पृथ्वी की तरफ आ ही नहीं पाया था। तीसरे टेस्ट में भी स्टारशिप सफल नहीं हो पाया था। पृथ्वी के वातावरण में एंट्री कराते ही इसका संपर्कटूट गया था। अब चौथे प्रयास में स्पेसएक्स को बड़ी कामयाबी मिली है।
Arun kumar baranwal