- Home
- टेक्नोलॉजी
- चिली में दुनिया के सबसे बड़े टेलीस्कोप का निर्माण, खुलेंगे अंतरिक्ष के रहस्य
July 30, 2024
नई दिल्ली। चिली के अटाकामा रेगिस्तान में दुनिया के सबसे बड़ेटेलीस्कोप का निर्माण किया जा रहा है। यह टेलीस्कोप एलियन की खोज से लेकर अंतरिक्ष के कई रहस्यों का खुलासा करेगा। साथ ही दूसरी दुनिया के ग्रहों, जीवों, गैलेक्सी आदि का भी पता लगाएगा। चिली के अटाकामा रेगिस्तान में सेरो आर्मोजोन्स पहाड़ के ऊपर एक गुंबद का निर्माण किया जा रहा है। जिस पर दुनिया का सबसे बड़ा टेलीस्कोप लगाया जाएगा। बताया जा रहा है कि 2028 में यह टेलीस्कोप काम करना शुरू कर देगा। अभी गुंबद के ऊपर का सुरक्षा कवच बनाया जा रहा है। साथ ही प्राइमरी मिरर के लिए सपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। इसका संचालन यूरोपियन साउदर्न आब्जरवेटरी यानी ईसीओ करेगी। टेलीस्कोप का नाम एक्स्ट्रीमली लार्ज टेलीस्कोप यानी ईएलटी रखा गया है। मीडिया में आई तस्वीरों के अनुसार, गुबंद के चारों तरफ थर्मल इंसुलेशन और बैरियर्स लगाया जा रहा है। चिली के रेगिस्तान में तापमान बहुत ज्यादा होता है। इसलिए मौसम की मार से बचाने वाले कवर लगाए जा रहे हैं। इस गुंबद का एक हिस्सा स्लाइड करके खुलेगा और बंद होगा। जहां से यह खुलेगा और बंद होगा, वहीं से टेलीस्कोप अंतरिक्ष में निगरानी करेगा। यह टेलीस्कोप दूसरी दुनिया के ग्रहों की खोज के साथ सौर मंडल के अध्ययन में मदद करेगा। साथ ही आकाशगंगाओं की खोज करेगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्लाइड करने वाले दरवाजे के लिए बीम बन गए हैं। ये डोम टेलीस्कोप को रेगिस्तान की गर्मी और धूल से बचाएगा। इस टेलीस्कोप का प्राइमरी मिरर 128 फीट चौड़ा होगा। साथ ही इसका वजन 200 टन होगा। टेलीस्कोप को सेट करने के लिए गुंबद के अंदर बड़े-बड़े क्रेन लगाए गए हैं। तस्वीरों को देखने से पता चलता है कि ये टेलीस्कोप कितना विशाल होगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, प्राइमरी मिरर बनाने के लिए 798 षटकोण कांच जोड़े गए हैं। दावा किया जा रहा है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा सेगमेंटेड मिरर है, जिसे किसी टेलीस्कोप के लिए बनाया जा रहा है। एक्स्ट्रीमली लार्ज टेलीस्कोप में कुल मिलाकर पांच मिरर लगाए जाएंगे। जिसमें सबका आकार अलग-अलग होगा। ये सारे मिरर अलग-अलग काम करेंगे। ताकि ये अंतरिक्ष की बखूबी से जांच-पड़ताल कर सकें। माना जा रहा है कि टेलीस्कोप लगने के बाद अंतरिक्ष से जुड़े तमाम रहस्यों का खुलासा करने में मदद मिलेगी।
Arun kumar baranwal