June 26, 2024
संवाददाता, नोएडा। 27 जून को उत्तर प्रदेश में फिल्म उद्योग के नए युग की शुरुआत होने जा रही है। जेवर फिल्म सिटी परियोजना के लिए बोनी कपूर दस्तखत करेंगे। योगी सरकार के ड्रीम प्रोजेक्ट के शुरू होने से यूपी में बड़े-बड़े कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। यमुना प्राधिकरण के सेक्टर 21 में बनने वाली फिल्म सिटी का निर्माण अब जल्द शुरू हो जाएगा। 27 जून को बोनी कपूर की मौजूदगी में बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड और यमुना अथॉरिटी के बीच कंसेशन एग्रीमेंट पर होगा। साथ ही बोनी कपूर की कंपनी फिल्म सिटी के प्रथम चरण के लिए भूमि पर कब्जा लेगी। इसके बाद यीडा के बोर्ड रूम में बोनी कपूर अपने परिवार के साथ फिल्म सिटी के मॉडल को भी लांच करेंगे। बता दें कि यीडी के सेक्टर-21 में एक हजार एकड़ में फिल्म सिटी प्रस्तावित है। पहला चरण 230 एकड़ में शुरू होगा। इसके लिए बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट्स ने भूटानी ग्रुप के साथ मिलकर सबसे अधिक बोली लगाई थी। यूपी कैबिनेट से भी कंपनी को आवंटन पत्र जारी किया जा चुका है। फिल्म सिटी के निर्माण को लेकर दुनियाभर की फिल्म सिटी का अध्ययन करने के लिए बोनी कपूर ने कई देशों का दौरा किया है। कंपनी ने फिल्म सिटी का नया मॉडल तैयार किया है। यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ.अरुणवीर सिंह ने हमारे संवाददाता को इस बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समझौता कार्यक्रम में बोनी कपूर की कंपनी के प्रतिनिधि, अन्य प्रमुख हितधारक और कुछ प्रसिद्ध फिल्म निर्माता भी शामिल होंगे। साथ ही राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, यमुना प्राधिकरण के चेयरमैन और मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। बता दें कि यह फिल्म सिटी परियोजना न केवल उत्तर प्रदेश के लिए, बल्कि पूरे भारतीय फिल्म उद्योग के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और फिल्म निर्माण की गुणवत्ता में सुधार आएगा। फिल्म उद्योग और स्थानीय निवासी इस परियोजना के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस परियोजना से निश्चित रूप से उत्तर प्रदेश को देश का नया फिल्म हब बनाने में मदद करेगी। इससे यूपी के आर्थिक और सांस्कृतिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
Rajneesh kumar tiwari