आया सावन झूूम के...आशा पारेख और धर्मेंद्र पर 1969 में फिल्माया गया यह खूबसूरत गीत आज भी सुनने में रोमांच पैदा कर देता है। प्राकृतिक सौंदर्य और मानवीय हृदय के भावों को चित्रित करता यह गीत सावन यानी अगस्त पर बिल्कुल फिट बैठता है। मानसून से सजे इस माह में हिल स्टेशन से लेकर रूखी-सूखी जगहें तक, सब खिल उठती हैं। मन में गुदगुदी सी उठने लगती है। चारों तरफ हरियाली ही हरियाली नजर आती है। ऐसे में अगस्त में घूमने का अपना अलग ही मजा होता है। इस महीने में यदि आप घूमने के बारे में सोच रहे हैं और समझ में नहीं आ रहा है तो यह मुश्किल हम हल कर देते हैं और बताते हैं उन जगहों के बारे में जहां आप परिवार के साथ मस्ती के सागर में गोते लगा सकते हैं।
मसूरी
उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में बसा मसूरी अगस्त के महीने में घूमने के लिए बेहतरीन जगहों में शामिल है। पहाड़ों की रानी के नाम से मशहूर यह शहर कई बेहतरीन स्थलों के लिए प्रसिद्ध है। अगस्त में यहां का मौसम बेहद खुशगवार और सुहावना होता है। यहां घूमने लायक जगहों में लाल टिम्बा, केम्पटी वॉटरफॉल, धनोल्टी, मसूरी लेक और जॉर्ज एवरेस्ट हाउस प्रमुख है। अगर आप यहां अकेले या पार्टनर के साथ गए हैं तो बाइक किराये पर लेकर तमाम जगहों की सैर कर सकते हैं।
अयोध्या
अयोध्या भगवान श्रीराम के जन्मस्थान के रूप में दुनियाभर में प्रसिद्ध है। उत्तर प्रदेश के इस शहर का नाम आते ही दिमाग में पुरुषोत्तम श्रीराम, राम मंदिर, राम जन्मभूमि की तस्वीर मस्तिष्क में घूमने लगती है। इस समय वहां भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद भव्य मंदिर का निर्माण कार्य जोरों पर है। भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए दुनिया के कोने-कोने से लोग अयोध्या पहुंच रहे हैं। अगस्त में घूमने लिए रामनगरी को भी आप अपनी लिस्ट में शामिल कर सकते हैं। यहां हनुमान गढ़ी, राम की पैड़ी, कनक भवन, दशरथ महल समेत देखने लायक एक से एक जगह मौजूद हैं।
मथुरा-वृंदावन
अगस्त में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है। उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन में तो इस पर्व की पूरे माह अलग ही रौनक रहती है। इस बार 26 अगस्त को जन्माष्टमी है। ऐसे में आप इस महीने में परिवार के साथ यहां घूमने का प्लान बना सकते हैं। मथुरा-वृंदावन के अलावा यहां घूमने लायक जगहों में गोकुल धाम, गोवर्धन पर्वत शामिल है। यहां श्रीकृष्ण के प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन करने के साथ यमुना तट की भव्य आरती में भी हिस्सा ले सकते हैं।
वाराणसी
उत्तर प्रदेश का वाराणसी घूमने के लिए पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है। हिन्दुओं के लिए तो यह बहुत ही खास तीर्थ स्थल है। गंगा नदी के किनारे बसा यह ऐतिहासिक शहर अपने खूबसूरत शिव मंदिरों, घुमावदार गलियों के लिए प्रसिद्ध है। 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक काशी विश्वनाथ मंदिर यहीं पर हैं। जिसके दर्शन के लिए हर साल यहां लाखों की संख्या में लोग आते हैं। इसके अलावा, आप यहां का संकट मोचन हनुमान मंदिर, दशाश्वमेध घाट, अस्सी घाट, रामनगर किला घूमना कतई ना भूलें। यहां की गंगा आरती का दर्शन जरूर करें यह पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है।
गोवा
जब गोवा का नाम आता है तो लोगों के जेहन में यह बात घूमने लगती हैकि यह जगह सिर्फगर्मियों में घूमने लायक है। अगर आपकी भी ऐसी सोच है तो यह सोच बदल लीजिए। क्योंकि, गोवा अगस्त के महीने में घूमने के लिए बेस्ट जगह मानी जाती है। यहां आप अपने यार-प्यार, रिश्तेदार और परिवार के साथ घूमने का प्लान बना सकते हैं। यहां बीच पर मस्ती करने के अलावा, आकर्षक झरने, किले, चर्च, पार्क आदि पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। यहां की नाईटलाइफ दुनिया भर में बेहद प्रसिद्ध हैं।
ऊटी
तमिलनाडु राज्य में नीलगिरि की पहाड़ियों में बसा ऊटी अगस्त में घूमने के लिए पर्यटकों का पसंदीदा स्थान है। यहां देश-विदेश के हजारों पर्यटक अगस्त के महीने में घूमने के लिए आते हैं। ऊटी को ‘पहाड़ों की रानी’ भी कहा जाता है। इसकी खूबसूरती देखेंगे तो आप खुद ही समझ जाएंगे कि इसे पहाड़ों की रानी क्यों कहा जाता है। इस महीने यहां का मौसम सुखदायक होता है। यहां घूमने लायक जगहों में नीलगिरि पर्वत रेलवे, ऊटी झील, डोड्डाबेट्टा चोटी, मुरुगन मंदिर, प्यकारा जलप्रपात, बॉटनिकल गार्डन प्रमुख हैं।
माउंट आबू
अगस्त में पर्यटन के लिए राजस्थान का माउंट आबू बेहतरीन आप्शन हो सकता है। राजस्थान का एकमात्र हिल स्टेशन होने के चलते अगस्त में कपल्स का यहां पर जमावड़ा लगा रहता है। इस हिल स्टेशन की सुंदरता और प्राकृतिकता आपका मन मोह लेगी। अगस्त के महीने में यहां का मौसम सुहावना रहता है। यहां घूमने लायक जगहों में नक्की झील, दिलवाड़ा जैन मंदिर, गुरु शिखर प्रमुख हैं। इसके अलावा, सनसेट पॉइंट देखना कतई ना भूलें, यहां से आप शाम के समय मनमोहक सूर्यास्त देख सकते हैं, जो कि एक यादगार अनुभव होगा।
Arun kumar baranwal