नई दिल्ली। एक फिल्म से कर्नाटक सरकार को डर लगने लगा है। सरकार ने इस फिल्म के सिनेमा हॉलों तक पहुंचने से पहले ही बैन लगा दिया। कर्नाटक सरकार का कहना है कि इस फिल्म की रिलीज से प्रदेशभर में अराजकता का माहौल और दंगा भड़क सकता है। हम बात कर रहे हैं 7 जून का रिलीज हुई अन्नू कपूर की फिल्म ‘हमारे बारह’ की। यह फिल्म रिलीज होने से पहले ही विवादों में आ गई है। कर्नाटक दरअसल ने इस फिल्म से सांप्रदायिक तनाव पैदा होने का खतरा बताते हुए इसे बैन किया है। बता दें कि कुछ दिन पहले इसका ट्रेलर यूट्यूब से हटवा दिया गया था। वहीं अन्नू कपूर बार-बार कह रहे हैं कि पहले फिल्म को पहले देखा जाना चाहिए उसके बाद फैसला होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में ऐसा कुछ नहीं है जिसे सांप्रदायिक तनाव से जोड़कर देखा जा सके। हमारे बारह फिल्म में अन्नू कपूर, मनोज जोशी और परितोष त्रिपाठी जैसे कलाकार हैं। यह फिल्म द केरल स्टोरी की तरह ही है। फिल्म की कहानी उत्तर प्रदेश के बैकड्राप पर है। फिल्म में बढ़ रही आबादी के मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया गया है। फिल्म में अश्विनी कालसेकर, अभिमन्यु सिंह, पार्थ समथान, अदिति भटपहरी और इशलिन प्रसाद जैसे दूसरे कलाकारों ने दमदार अभियन का प्रदर्शन किया है। बता दें कि फिल्म की रिलीज को रोकने की मांग बॉम्बे हाई कोर्ट में भी उठी थी लेकिन कोर्ट ने इसपर रोक लगाने से इनकार कर दिया। फिल्म पर रोक लगाने की मांग करने वाले याचिकाकर्ता ने हमारे बारह के कुछ डायलॉग पर आपत्ति जताई थी। कोर्ट में अन्नू मलिक के वकील ने बताया कि फिल्म से उन डायलॉग को हटा दिया गया है जिन पर आपत्ति है। सेंट्रल बोर्ड आॅफ फिल्म सर्टिफिकेशन उर्फ सीबीएफसी के वकील अद्वैत सेठना ने बताया कि फिल्म को अब फ्रेश सर्टिफिकेट दिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर फिल्म की असली कहानी की बात करें तो इसमें दिखाया गया है कि महिलाओं पर धर्म की आड़ में अत्याचार हो रहे हैं। उनके साथ जोर-जबरदस्ती की जाती है और बच्चे पैदा करने का दबाव बनाया जाता है। फिल्म में अन्नू कपूर ने एक मुस्लिम शख्स मंसूर अली खान का रोल अदा किया है। जिसकी पहली पत्नी बच्चा पैदा करते हुए मर जाती है और उसकी दूसरी पत्नी छठी बार प्रेग्नेंट है। डॉक्टर्स का कहना है कि प्रेग्नेंसी में उसकी जान भी जा सकती है पर खान बच्चा हटाने के लिए मना कर देता है। ऐसे में खान की बड़ी बेटी अपनी सौतेली मां को बचाने के लिए पिता को कोर्ट में घसीट लेती है। हमारे बारह फिल्म जनसंख्या वृद्धि पर है। देखा जाए तो इसकी पटकथा में वह विषय उठाया गया है जो भारतीय सिनेमा में शायद ही कभी चर्चा में आया है। फिल्म की साहसिक कथा और विचारोत्तेजक विषयों ने लोगों की कल्पना को आकर्षित किया है। पहले हम दो हमारे बारह शीर्षक वाली इस फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के निदेर्शानुसार हमारे बारह नाम दिया गया था। अभिनेता मनोज जोशी ने फिल्म को लेकर उठे विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि फिल्म किसी धर्म को निशाना बनाकर नहीं बनाई गई है। आज हमारे देश में महिलाओं के सम्मान को लेकर चर्चा हो रही है। किसी भी समाज में महिलाओं का अनादर नहीं होना चाहिए। महिला कोई वस्तु या चीज नहीं है, उसका सम्मान होना चाहिए, जैसा कि इस भारत भूमि पर होता आया है। दूसरी बात यह कि उस फिल्म में शिक्षा, पालन-पोषण, रोजगार, महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण तथा जनसंख्या जैसे विभिन्न विषयों पर बात की गई है। इसलिए सभी को अपने परिवार के साथ यह फिल्म देखनी चाहिए।
Rajneesh kumar tiwari